कमोडिटी

Rabi Season 2022: रबी फसलों की बोआई 4.37 फीसदी बढ़ी, सरसों के रकबे में सबसे ज्यादा इजाफा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 23, 2022 | 2:41 PM IST

चालू रबी सीजन (Rabi Season 2022) में रबी फसलों की बोआई की रफ्तार अब धीमी पड़ने लगी है। इस सप्ताह तक रबी फसलों की कुल बोआई में 4.37 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जबकि 9 दिसंबर तक बोआई 15 फीसदी बढ़ी थी। इसके बाद बोआई में बढ़ोतरी की दर घट रही है। प्रमुख रबी फसलों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सरसों की बोआई में हो रही है। इसके बाद गेहूं की बोआई में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। चने की बोआई पिछले साल के बराबर ही हो रही है।

रबी फसलों की बोआई 4.37 फीसदी बढी

चालू रबी सीजन में 23 दिसंबर को समाप्त सप्ताह तक कुल रबी फसलों की बोआई 620.62 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, पिछली समान अवधि में यह आंकड़ा 594.62 लाख हेक्टेयर था। इस तरह रबी फसलों की बोआई में 4.37 फीसदी इजाफा हुआ है। अब तक दलहन फसलों की बोआई 2.70 फीसदी बढ़कर 148.54 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि तिलहन फसलों की बोआई 8.79 फीसदी बढ़कर 101.47 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है।

सरसों की 8.57 फीसदी और गेहूं की बोआई 3.18 फीसदी बढी

प्रमुख रबी फसलों में सबसे ज्यादा सरसों की बोआई में इजाफा हुआ है। अब तक 92.67 लाख हेक्टेयर में सरसों की बोआई हो चुकी है, जो पिछली समान अवधि में 85.35 लाख हेक्टेयर में हुई बोआई से 8.57 फीसदी ज्यादा है। रबी सीजन की सबसे बड़ी फसल गेहूं की बोआई 23 दिसंबर तक 312.26 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है। पिछले साल की समान अवधि में 302.61 लाख हेक्टेयर में गेहूं बोया गया था। इस तरह इस साल अब तक गेहूं की बोआई में 3.18 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चना रबी सीजन की दूसरी प्रमुख फसल है। अब तक 103.37 लाख हेक्टेयर में चने की बोआई हो चुकी है, जो पिछले साल की समान अवधि में हुई 102.65 लाख हेक्टेयर में हुई बोआई के लगभग बराबर है।

First Published : December 23, 2022 | 2:10 PM IST