टेक-ऑटो

दिल की बीमारी? अब सिर्फ 7 सेकंड में रिपोर्ट! भारतीय बच्चे की AI ऐप ने मचाया धमाल

बच्चा नहीं जीनियस है ये! 14 साल में बना दिया ऐसा ऐप जो डॉक्टर भी रह जाए हैरान

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- April 14, 2025 | 6:47 PM IST

जब ज़्यादातर बच्चे 14 साल की उम्र में होमवर्क और खेल-कूद में व्यस्त रहते हैं, तब डलास (अमेरिका) में रहने वाले भारतीय मूल के सिद्धार्थ नंद्याला ने एक ऐसी खोज कर ली है, जो लाखों ज़िंदगियों को बचा सकती है। सिद्धार्थ ने एक AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित ऐप Circadian AI बनाया है, जो दिल की बीमारियों का पता सिर्फ 7 सेकंड में लगा सकता है।

फोन से रिकॉर्ड करें, 7 सेकंड में रिपोर्ट तैयार

इस ऐप को इस्तेमाल करना बेहद आसान है। मोबाइल को दिल के पास रखकर 7 सेकंड तक दिल की धड़कनों को रिकॉर्ड करना होता है। इसके बाद ऐप एक रिपोर्ट जनरेट करता है, जो बताता है कि दिल की धड़कन सामान्य है या किसी तरह की समस्या है।

इस ऐप में AI और मशीन लर्निंग की मदद से दिल की आवाज़ को पढ़ा जाता है और उसमें छिपे संकेतों से बीमारी की पहचान की जाती है। इसमें नॉइस-कैंसलेशन तकनीक भी शामिल है, जिससे शोर-शराबे वाले माहौल में भी सटीक नतीजे मिलते हैं।

अमेरिका और भारत में हुई टेस्टिंग, 96% से ज़्यादा सटीकता

सिद्धार्थ के ऐप की टेस्टिंग अमेरिका में 15,000 से ज़्यादा और भारत में करीब 700 मरीज़ों पर की जा चुकी है। भारत में यह टेस्ट गुंटूर गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल में हुआ था। नतीजों में इस ऐप ने 96% से ज़्यादा सटीकता दिखाई है।

दुनिया का सबसे कम उम्र का AI सर्टिफाइड प्रोफेशनल

सिर्फ ऐप ही नहीं, सिद्धार्थ को टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी बड़ा सम्मान मिला है। उन्हें Oracle और ARM जैसी नामी कंपनियों से AI सर्टिफिकेशन मिला है, जिससे वे दुनिया के सबसे युवा AI सर्टिफाइड प्रोफेशनल बन गए हैं। Frisco Chamber of Commerce ने उन्हें Innovator of the Year 2023 के खिताब से भी नवाज़ा है।

चंद्रबाबू नायडू ने की तारीफ, बोले – आंध्र प्रदेश को गर्व है

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी सिद्धार्थ की जमकर तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “इस 14 साल के बच्चे ने दिल की बीमारी पहचानना आसान बना दिया है! मैं सिद्धार्थ से मिलकर बेहद खुश हूं। वह पूरे देश और खासकर आंध्र प्रदेश का गर्व हैं।”

सीएम ने कहा कि इतनी कम उम्र में मानवता के लिए टेक्नोलॉजी का ऐसा इस्तेमाल करना प्रेरणादायक है। उन्होंने सिद्धार्थ को भविष्य में हर तरह का सहयोग देने का भी भरोसा दिलाया।

First Published : April 14, 2025 | 6:47 PM IST