कांग्रेस ने प्रतिष्ठित अमेरिकी पत्रिका टाइम के एशिया संस्करण के कवर पेज पर मनमोहन सिंह के खिलाफ उम्मीद से कम सफल प्रधानमंत्री टिप्पणी पर आज कड़ा विरोध किया ।
पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा, पिछले आठ साल में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अगुवाई में संप्रग सरकार ने राजनीतिक स्थायित्व, सामाजिक सद्भाव, आतंरिक समन्वय, आर्थिक वृद्धि प्रदान की है तथा वैश्विक मामलों में बड़ी भूमिका निभाई है। यह कल्पना के किसी भी पैमाने पर उम्मीद से कम उपलब्धि नहीं है।
उनकी यह टिप्पणी टाइम पत्रिका के एशिया अंक के कवर पेज पर प्रकाशित 79 वर्षीय मनमोहन की तस्वीर के उपर शीर्षक उम्मीद से कम सफल .. भारत को चाहिये नई शुरुआत। की पृष्ठभूमि में पूछे गए सवालों के जवाब पर आयी ।
अगले सप्ताह बाजार में आने वाली इस अंक में कहा गया है कि सिंह सुधारों पर सख्ती से आगे बढ़ने के अनिच्छुक लगते हैं जिनसे देश एकबार फिर उच्च आर्थिक वृद्धि के रास्ते पर आ सकता है।
इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए विपक्षी भाजपा ने कहा कि जिस तरह टाइम सिंह और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को देखता है उनमें काफी विरोध है। कुछ समय पहले मोदी पर भी टाइम नेे आवरण कथा दी थी।