कृषि क्षेत्र को ज्यादा से ज्यादा रिण उपलब्ध कराने के लिये सार्वजनिक क्षेत्र के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने आज क्षेत्र को दिये जाने वाले विभिन्न कर्ज पर ब्याज दरों में 1.75 प्रतिशत तक कमी की घोषणा की है।
यूनियन बैंक ने कहा है कि वह फसली रिण, निवेश राशि और संबंधित गतिविधियों के लिये 50,000 रुपये तक का कर्ज बैंक की आधार दर पर उपलब्ध करायेगा।
बैंक ने यहां जारी वक्तव्य में कहा है कि स्वयं सहायता समूहों को दिये जाने वाले कर्ज पर ब्याज दर में 1.75 प्रतिशत तक कमी की गई है।
बैंक की आधार दर इस समय 10.5 प्रतिशत है। बैंक की संशोधित ब्याज दरें एक जुलाई से प्रभावी होंगी।
किसानों के फायदे के लिये बैंक ने फसली रिण के तहत बैंक जिला स्तरीय तकनीकी समिति द्वारा तय सीमा से दोगुना तक कर्ज उपलब्ध करा रहा है। तीन लाख रुपये तक के कर्ज पर बैंक समय पर वापसी करने वाले किसानों को तीन प्रतिशत ब्याज सब्सिडी भी दे रहा है।
भाषा