नेपाल में हजारों पूर्व माओवादी लड़ाकों को सेना से जोडने का कार्यक्रम विशेष समिति के तौर-तरीकों के अनुसार आज बहाल हुआ। पूर्व माओवादी लड़ाकों का सेना में एकीकरण देश की शांति प्रक्रिया का एक अहम पहलू है और यह प्रक्रिया कुछ समय से रुकी हुई थी।
नेपाली सेना के प्रवक्ता रमीन्द्र छत्री ने बताया कि प्रक्रिया देश की सभी सात छावनियों में बहाल हुई।
कुल 3123 पूर्व माओवादी लड़ाके इस प्रक्रिया में शामिल होने के हकदार हैं। इन पूर्व माओवादी लड़ाकों ने सुरक्षा बलोें में एकीकरण का विकल्प चुना था। यह प्रक्रिया मध्य अप्रैल में दूसरे चरण के वर्गीकरण के बाद रुक गई थी।
छत्री ने बताया कि सिर्फ उन्हीं पुराने लड़ाकों की भर्ती की जाएगी, जो नेपाली सेना की विशेष समिति द्वारा निर्धारित मानदंडों और योग्यता को पूरा करते हैं।
नेपाली सेना ने आज विभिन्न दलों केे सेना में एकीकरण की प्रक्रिया के लिए छावनियों की ओर विभिन्न दलों को रवाना किया। माओवादी नीत गठबंधन सरकार द्वारा गत 10 अप्रैल को किए गए फैसले के अनुसार सेना ने सभी छावनियों का प्रभार ले लिया था।
पूर्व माओवादी लड़ाकों की भर्ती के लिए एक अलग सैन्य निदेशालय स्थापित किया जाएगा। हालांकि, नए निदेशालय के रैंक, सेवा कार्यकाल और ढांचे से जुड़े मामलों को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।
जारी :भाषा