जिला निर्वाचन अधिकारी ओंकार सिंह के अनुसार भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 8 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 1 लाख 93 हजार 459 मतदाता करेंगे। भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है । इस सीट पर कांग्रेस ने नये चेहरे उद्योगपति रामपाल सोनी को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने वर्तमान विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी को दोबारा मौका दिया है। इनके अलावा राजपा से शिव प्रसाद, जागो पार्टी से रामनिवास जागेदिया, भायुसपा से बंशीलाल, इण्डियन मुस्लिम लीग से मोइनुद्दीन सहित निर्दलीय सुखमाल चौधरी और नवीन जोशी चुनाव मैदान में है।
माण्डल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे 10 उममीदवारों के भाग्य का फैसला 208244 मतदाता करेंगे। यहां कांग्रेस ने रामपाल शर्मा, भाजपा ने पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर को प्रत्याशी बनाया है । शिवदयाल गुर्जर बसपा, शिवसेना से विक्रम सिंह के साथ ही कांग्रेस के बागी निर्दलीय दुर्गपाल सिंह और अन्य निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान मंे हंै। कांग्रेस के बागी प्रत्याशी के कारण इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।
जिले के शाहपुरा सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से 7 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 205718 मतदाता करेंगे। यहां कांग्रेस ने नये चेहरे राजकुमार बैरवा, जबकि भाजपा ने पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश मेघवाल को प्रत्याशी बनाया है। इनके अलावा भारतीय युवाशक्ति से मुकेश खटीक, बसपा से रामचन्द्र बैरवा, राजसपा से पेमा राम बैरवा, एनसीपी से छगनलाल रेगर तथा भाजपा से बागी निर्दयलीय रामदेव बैरवा के बीच मुकाबला होना है।