तेजपाल के वकील संदीप कपूर ने कहा कि तरूण तेजपाल द्वारा लिखी गई एक चिट्ठी हमने फैक्स के माध्यम से गोवा पुलिस को भेजकर सूचित किया है कि वह कल जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होंगे और कल से जांच में शामिल होंगे ।
तहलका के संपादक तेजपाल ने गोवा पुलिस से अनुरोध किया था कि वह उन्हें अपने समक्ष उपस्थित होने के लिए शनिवार तक का समय दे दें । लेकिन पुलिस ने इस आवेदन को खारिज कर दिया ।
गोवा पुलिस द्वारा तय की गई समय सीमा के अनुसार आज दोपहर तीन बजे तक उसके समक्ष उपस्थित नहीं होने की स्थिति में उसने तेजपाल की गिरफ्तारी की आशंकाओं को खारिज नहीं किया ।
इससे पहले तेजपाल ने इस मामले में दिल्ली उच्च न्यायालय में दायर अग्रिम जमानत की याचिका को आज वापस ले लिया । अदालत इसपर कल फैसला देने वाली थी ।
गोवा दोना पाउला पुलिस थाना सीआईडी...सीबी की पुलिस निरीक्षक सुनीता सावंत को संबोधित करके लिखे गए इस पत्र की एक प्रति मीडिया को उपलब्ध करायी गई जिसमें तेजपाल ने पुलिस द्वारा उन्हें जारी किए गए विभिन्न सम्मनों के मिलने की बात कही है और उसके समक्ष उपस्थित होने के लिए थोड़ा समय देने की मांग की है क्योंकि वह गोवा के निवासी नहीं हैं ।
जारी भाषा