चेन्नई, 21 नवंबर :भाषा: चैलेंजर मैग्नस कार्लसन गत चैम्पियन विश्वनाथन आनंद को आज यहां नौवीं बाजी में हराकर विश्व शतरंज चैम्पियनशिप में खिताब से सिर्फ आधा अंक की दूरी पर पहुंच गए।
आनंद को आज सफेद मोहरों से खेलते हुए हार का सामना करना पड़ा जिससे मुकाबले का नतीजा लगभग तय हो गया है।
कार्लसन ने नौ बाजियों के बाद 6 . 3 की बढ़त बना ली है और नया विश्व चैम्पियन बनने के लिए उन्हें बाकी तीन बाजियों में सिर्फ आधे अंक की दरकार है।
काले मोहरों से खेलते हुए कार्लसन ने निम्जो इंडियन डिफेंस को चुना जबकि आनंद को पता था कि यह उनके पास अंतिम मौका है और इस भारतीय ने सेमिश्च वेरिएशन का सहारा लिया।
कार्लसन बाजी की शुरूआत में कुछ नर्वस दिखे जबकि खेल के बीच में उनकी स्थिति काफी कमजोर हो गई थी लेकिन इसके बावजूद नार्वे के इस खिलाड़ी ने खुद को मुकाबले में बनाए रखा।
बाजी के अंत तक भी कार्लसन की राजी और उंट शुरूआती खानों में ही पड़े थे।
आनंद के बाद 22वीं चाल में कार्लसन से 25 मिनट अधिक थे और वह बेहतर स्थिति में थे। नार्वे के दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी कार्लसन ने इसके बाद अपने राजा को आनंद के किसी भी हमले से बचाने वाली स्थिति में पहुंचाया।