इस्लामाबाद, 16 नवंबर :भाषा: पाकिस्तान के रावलपिंडी और मुल्तान शहर में मुहर्रम के जुलूस के दौरान हुई जातीय हिंसा के बाद सेना तैनात कर दी गई है। हिंसा में नौ लोग मारे गए थे।
रावलपिंडी में कल मुहर्रम के जुलूस के दौरान हिंसा भड़की थी। इसके बाद शहर के 19 थाना क्षेत्रों में कफ्र्यू लगा दिया गया। रावलपिंडी की हिंसा में आठ लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक घायल हो गए।
रावलपिंडी शहर की पुलिस और बड़ी संख्या में सेना के जवान शहर के विभिन्न हिस्सों में गश्त लगा रहे हैं।
पंजाब के मुल्तान शहर में प्रशासन ने दो समूहों के बीच झड़प के बाद सेना बुला ली। मुल्तान की हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सरकार और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये झड़पें उस समय शुरू हुईं, जब अशूरा जुलूस मुख्य राजा बाजार से होकर गुजर रहा था।
शिया समुदाय के लोग पैगंबर मोहम्मद साहब के नवासे की याद में आयोजित अशूरा में शामिल थे। पिछले कुछ सालों में मुहर्रम के दौरान शियाओं को आतंकी समूहों द्वारा निशाना बनाया जाता रहा है।