असम और पूर्वोत्तर में बाढ के हालात पर चिन्ता व्यक्त करते हुए भाजपा ने आज कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा घोषित 500 करोड रूपये का राहत पैकेज अपर्याप्त है । पार्टी ने मांग की कि इस बाढ को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए ।
भाजपा महासचिव विजय गोयल ने कहा कि असम के 27 जिलों में से 23 बाढ से प्रभावित हैं । 20 लाख लोग बेघर हो गये हैं । फसलें नष्ट हो गयी हैं । खेतों में बालू जमा हो गयी है । कई मवेशी मर गये हैं या खो गये हैं । प्रधानमंत्री का 500 करोड रूपये का राहत पैकेज काफी कम है ।
गोयल भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी द्वारा असम भेजे गये पार्टी के दल में शामिल थे, जिसने बाढ से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया । टीम में महासचिव किरण महेश्वरी और मेरठ से पार्टी सांसद राजेन्द्र अग्रवाल भी शामिल थे ।
गोयल ने कहा कि असम में इतना नुकसान हुआ है कि 2000 से 4000 करोड रूपये के पैकेज की आवश्यकता है । उन्होंने कहा कि जिन लोगों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये हैं, उन्हें दस हजार रूपये, जिनके आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें पांच हजार रूपये देना अपर्याप्त है । इसे बढाकर क्रमश: 50 हजार और 25 हजार रूपये किया जाना चाहिए ।