द्रविड़ ने 37 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली जबकि याग्निक ने 17 गेंद पर नाबाद 31 रन बनाये। इन दोनों के अलावा स्टुअर्ट बिन्नी ने 17 गेंद पर 27 रन का योगदान दिया। मुंबई की तरफ से हरभजन ने 23 रन देकर जबकि कीरोन पोलार्ड ने अपने एकमात्र ओवर में छह रन देकर दो विकेट लिये।
भारी बारिश के कारण खेल एक घंटे देरी से शुरू हुआ। राजस्थान ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया तथा द्रविड़ और अंजिक्य रहाणे : 18 गेंद पर 21 रन : ने पहले विकेट के लिये 44 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलायी लेकिन इसके बाद उसने नियमित अंतराल में विकेट गंवाये।
द्रविड़ ने मिशेल जानसन पर लगातार दो चौके जड़ने के बाद प्रग्यान ओझा को भी यही सबक सिखाया लेकिन दूसरे छोर पर रहाणे ने अभी अपने तेवर दिखाने शुरू ही किये थे कि हरभजन ने अपने पहले ओवर में ही उनका लेग स्टंप उखाड़ दिया।
हरभजन ने इसके बाद शेन वाटसन : 6 : के रूप में मुंबई को बड़ी सफलता दिलायी। वाटसन ने स्वीप करने के प्रयास में स्क्वायर लेग पर आसान कैच थमाया। संजू सैमसन खाता भी नहीं खोल पाये और लेसिथ मालिंगा की धीमी गेंद पर चकमा खाकर मिडविकेट पर हरभजन को कैच दे बैठे।
जारी भाषा