राष्ट्रीय सलाहकार परिषद्
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून :मनरेगा: योजना पर सोनिया को दिये संदेश में परिषद की सदस्य अरुणा रॉय ने कहा, भ्रष्टाचार समेत योजना में विफलता के साबित हुए मामलों पर सरकार के नरम रवैये या निचले स्तर पर प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विफलता को लेकर कोई गंभीर पड़ताल नहीं की गयी है।
योजना के लाभार्थियों को बुनियादी अधिकार देने पर जोर देते हुए रॉय ने कहा, उच्च आधिकारिक स्तर से इस बात के लिए बहुत सख्त प्रतिबद्धता और संदेश दिये जाने की जरूरत है ताकि मनरेगा के तहत मूलभूत अधिकार वास्तव में फलीभूत हों।
उन्होंने कहा कि नये दिशानिर्देश प्रभाव में लाना जरूरी है लेकिन उससे भी आगे जाने की जरूरत है।
रॉय ने कहा, इन दिशानिर्देशों के क्रियान्वयन पर लगातार निगरानी की जरूरत है और खामियां और कुप्रबंधन की स्थिति में कार्रवाई होनी चाहिए।
सोनिया गांधी की अध्यक्षता में एनएसी की आज यहां हुई बैठक में मनरेगा के क्रियान्वयन का मूल्यांकन किया गया और सदस्यों ने देश में मानसून की देरी तथा सूखे की आशंका के हालात में मनरेगा योजना की भूमिका को महत्वपूर्ण माना और इसमें आ रही चुनौतियों से निपटने के लिए प्रभावी कदम सुझाने पर जोर दिया।