इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतानयाहू की लिकुड पार्टी ने आज घोषणा की कि वह अति-रूढि़वादी यहूदियों और अरब इस्राइलियों द्वारा सैन्य या सामुदायिक सेवाएं अनिवार्य रूप से पूरी करने की विवादित योजना का समर्थन करेगी ।
यरूशलम में बैठक के बाद पार्टी ने कहा कि वह प्लेसनर समिति द्वारा पिछले सप्ताह प्रस्तावित इन सिफारिशों का समर्थन करने को तैयार है ।
लिकुड के प्रवक्ता नोगा कात्ज ने एक बयान में कहा, पार्टी ने आज सुबह बैठक कर प्लेसनर समिति द्वारा निर्धारित सिद्धांतों को अपनाने पर सर्वसम्मति से फैसला किया है ।
इस निर्णय का अर्थ है कि इस्राइल ऐसा कानून बना सकता है जिसके तहत देश के सभी नागरिकों को अपनी सैन्य या सामुदायिक सेवा को पूरा करना ही होगा । ऐसा नहीं करने की स्थिति में उनपर जुर्माना लगाया जा सकेगा ।