उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले के अजगैन क्षेत्र में गंगा स्नान करने जा रही मां-बेटी की ट्रेन की चपेट में आ जाने से मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि जंसार गांव के मजरा कैथनखेड़ा की निवासी रामकली :45: अपनी नवविवाहित बेटी श्रीमती :22: के साथ गंगा स्नान के लिये कल शुक्लागंज जा रही थी।
उन्होंने बताया कि वे दोनों अजगैन स्टेशन पर पटरी के पास ट्रेन का इंतजार कर रही थीं, तभी दूसरी तरफ से आयी मथुरा-पटना एक्सप्रेस की चपेट में आकर रामकली और श्रीमती की मौके पर ही मृत्यु हो गयी।
श्रीमती की एक हफ्ते पहले ही शादी हुई थी और वह गुरु पूर्णिमा के मौके पर गंगा स्नान करने के लिये मायके आयी थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।