म्यामां से आये 10 सदस्यीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने आज संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार से मुलाकात की। इस दौरान मीरा ने कहा कि भारत म्यामां में शांति और स्थिरता का मजबूत पक्षधर है।
आज यहां जारी एक विग्यप्ति के मुताबिक लोकसभा सचिवालय के संसदीय अध्ययन और प्रशिक्षण ब्यूरो द्वारा दो जुलाई से आयोजित किये जा रहे साप्ताहिक ओरियंटेशन कार्यक्रम में भाग ले रहे म्यामां के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने स्पीकर से मुलाकात की।
मीरा कुमार ने 10 सदस्यीय दल का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और म्यामां के बीच पुराने समय सेे विशेष और करीबी रिश्ते रहे हैं। उन्होंने म्यामां के बहुदलीय लोकतंत्र की ओर सहजता से बढ़ने की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत वहांं शांति और स्थिरता का पक्षधर है।
मीरा कुमार ने सदस्यों से बातचीत में दोनों देशों के बीच व्यापारिक तथा आर्थिक साझेदारी पर चर्चा करते हुए कहा कि मौजूदा द्विपक्षीय व्यापार 2015 तक दोगुना होना चाहिए। उन्होंने परस्पर निवेश बढ़ाने और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की जरूरत भी रेखांकित की।
लोकसभा अध्यक्ष ने म्यामां में चुनावों के सफल आयोजन की सराहना की।
शिष्टमंडल का नेतृत्व कर रहे सांसद ती खुन म्यूं ने स्पीकर का आभार व्यक्त किया और कहा कि भारत हमेशा से अच्छा और सहयोगी मित्र तथा अच्छा पड़ोसी देश रहा है।
उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष को भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के साथ म्यामां यात्रा पर आने का न्योता भी दिया।
म्यामां से आये सांसद संसदीय प्रक्रिया, प्रश्न और अन्य प्रक्रियात्मक प्रावधानों, बजट प्रक्रिया, समिति प्रणाली, संसदीय विशेषाधिकारों, सांसदों के लिए सहयोगी सेवाओं आदि मुद्दों पर यहां वरिष्ठ सांसदों तथा संसद के अधिकारियों से चर्चा कर जानकारी ले रहे हैं।