ग्रुप ए मैच के अंतिम दिन ओडि़शा की ओर से कप्तान विपलव सामंत्रेय :106: ने शानदार शतक जड़ा लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। सामंत्रये ने अभिलाष मलिक :50: के साथ पांचवें विकेट के लिए 100 रन भी जोड़े।
पहली पारी में 153 रन से पिछड़ने के बाद ओडि़शा की टीम आज चार विकेट पर 169 रन से आगे खेलने उतरी।
मलिक आज आउट होने वाले पहले बल्लेबाज रहे। उन्हें अपने कल के स्कोर में तीन रन जोड़कर अर्धशतक पूरा किया और फिर इसी स्कोर पर अभिमन्यु मिथुन का शिकार बने।
मिथुन ने इसके बाद तीन और विकेट चटकाए जिससे ओडि़शा की टीम दूसरी पारी में 279 रन पर सिमट गई। सामंत्रेय हालांकि एच एस शरत की गेंद पर पगबाधा आउट होने से पहले शतक पूरा करने में सफल रहे। उन्होंने 215 गेंद की अपनी पारी में 14 चौके और दो छक्के मारे।
कर्नाटक की ओर से मिथुन ने 58 जबकि शरत ने 80 रन देकर पांच..पांच विकेट चटकाए।
कर्नाटक को इस तरह 127 रन का लक्ष्य मिला। टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए लेकिन इसके बावजूद 41 . 3 ओवर में छह विकेट पर 130 रन बनाकर सत्र की अपनी पहली जीत दर्ज करने में सफल रही। गणेश सतीश ने 34 जबकि लोकेश राहुल ने 29 रन बनाए।
ओडि़शा की ओर से सूर्यकांत प्रधान ने तीन जबकि बसंत मोहंती ने दो विकेट चटकाए।
इस जीत से कर्नाटक के चार मैचों में 13 अंक हो गए हैं जबकि ओडि़शा के इतने ही मैचों में नौ अंक हैंं।