कांग्रेस महासचिव एवं दिल्ली के प्रभारी शकील अहमद ने यह भी कहा कि मोदी का दिल्ली में भाजपा के चुनाव प्रचार का कमान संभालना यह जाहिर करता है कि उस पार्टी के स्थानीय नेतृत्व ने यह मान लिया है कि वह अपने दम पर शीला दीक्षित को पराजित नहीं कर सकते ।
अहमद ने यहां संवाददाताओं से कहा कि मोदी के भाषण कामेडी सर्कस शो की तरह बनते जा रहे हैं । मोदी के भाषण उबाउ होते जा रहे हैं । इसके बावजूद दिल्ली के भाजपा नेताओं ने उन्हें दिल्ली में उतारा है । यहां तक कि रेडियो पर विग्यापनों में भी सुषमा स्वराज और राजनाथ सिंह जैसे नेता आ रहे हैं । स्थानीय नेताओं ने आत्मसमर्पण कर दिया है । वे अब यह समझ गये हैं कि वह अपने दम पर शीला दीक्षित को पराजित नहीं कर सकते ।
अहमद ने भाजपा की इस बात को भी खारिज किया कि दिल्ली में बिजली बहुत मंहगी है । उन्होंने कहा कि मोदी को सबसे पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ में बिजली की दरें घटें, जहां यह दिल्ली की अपेक्षा मंहगी हैं ।
अहमद की यह टिप्प्णी ऐसे समय आयी है जब मोदी ने आज दिल्ली में अपने चुनावी सभाओं में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और वित्त मंत्री पी चिदम्बरम पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने अपने किताबी ग्यान से देश को बर्बाद कर दिया ।