लंदन, 28 नवंबर :भाषा: भारतीय मूल के एक ठग को मध्य लंदन में एक रईस महिला की गर्दन में छुरा मारकर उसे मौत के घाट उतारने का दोषी ठहराया गया है।
उत्तर पश्चिम लंदन में वेंबली के राकेश भयानी को यहां की ओल्ड बेली अदालत ने करोल वॉ के कत्ल का दोषी पाया। करोल मई 2012 में अपने मेरिलबोन स्थित फ्लैट से लापता हो गई थी।
उसका शव अगस्त में दक्षिण पश्चिम लंदन के एक गैराज से बरामद किया गया था।
50 वर्ष की करोल करोड़पति महिला थी और भयानी ने अपनी जुए की लत पूरी करने के लिए उसे मौत के घाट उतार दिया। महिला के साथ भयानी के प्रेम संबंध थे और वह उसके साथ मिलकर अपनी ठगी की योजनाओं को अंजाम देना चाहता था।
इस मामले में भयानी के एक साथी कटनर को हत्या के आरोप से बरी कर दिया गया, लेकिन उसे हत्या की घटना को पुलिस से छिपाने का दोषी पाया गया।
भयानी ने मुकदमे के दौरान करोल के साथ ठगी करने की बात स्वीकार की और यह भी माना कि उसकी मौत की बात छिपाकर उसने कानून के काम में बाधा डाली।
भयानी अपने दोस्त कटनर के साथ उस गैराज से करोल के अवशेष हटाने गया था, जब पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
भाषा