लारा ने कहा, हमने वह आधारभूत सुविधाएं नहीं लगायी जो जरूरी हैं। हमने इस बात पर भरोसा किया कि विव रिचड्र्स और जोएल गार्नर जैसे महान खिलाड़ी अपने आप पैदा हो गये। बाकी दुनिया में प्रौद्योगिकी और अकादमी आयी लेकिन हमने कुछ नहीं किया। हमारे पास अभी तक भविष्य की तैयारियों के लिए कुछ भी नहीं है।
उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली के साथ एक टॉक शो में कहा, जब तक हम कुछ नहीं करते और उसको होने में भी मुझे लगता है कि पांच या दस साल लग जायेंगे, हम दलदल में फंसे रह जायेंगे। हम कुछ टीमों को हरा लेगें, यहां वहां कुछ श्रृंखलाएं जीत लेंगे, टी20 जीत लेंगे लेकिन इन सब को मिलाकर भी हम कोई स्थायित्व वाली टीम नहीं बन सकते। जब तक कि हम कुछ दृढ़ फैसले नहीं करते और जमीनी स्तर पर चीजों को ठीक नहीं करते, हम दलदल में बने रहेंगे।
लारा ने भारत आयी वेस्ट इंडीज की टेस्ट टीम में आफ स्पिनर सुनील नारायण, आल राउंडर ड्वायन ब्रेवो और तेज गेंदबाज रवि रामपाल को नहीं लेने के लिए चयनकर्ताओं को आड़े हाथ लिया।