स्टेन ने 25 रन देकर पांच विकेट हासिल किए और इस दौरान 47वें ओवर में उमर अकमल :22:, कप्तान मिसबाह उल हक :65: और सईद अजमल :00: के विकेट चटकाए जिससे पांच विकेट पर 228 रन बनाकर अच्छी स्थिति में दिख रही पाकिस्तान की टीम 49 . 2 ओवर में 238 रन पर ढेर हो गई।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने सलामी बल्लेबाज डि काक के 112 रन की मदद से पांच विकेट पर 266 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था।
मिसबाह और उमर जब क्रीज पर थे तब पाकिस्तान को पांच ओवर में 41 रन की दरकार थी और उसकी जीत लगभग तय लग रही थी लेकिन स्टेन ने अपने वनडे करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए उससे जीत छीन ली। इससे पहले स्टेन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2011 में नागपुर में भारत के खिलाफ 50 रन पर पांच विकेट था।
मिसबाह और शोएब मकसूद :56: ने चौथे विकेट के लिए 88 रन जोड़कर पाकिस्तान को जीत की राह दिखाई लेकिन स्टेन ने 37वें ओवर में मकसूद को आउट करके अपनी टीम को जोरदार वापसी दिलाई।
इसके बाद मिसबाह जब पवेलियन लौटे तो पाकिस्तान की रही सही उम्मीद भी टूट गई। मिसबाह ने 76 गेंद में चार चौके और एक छक्का मारा।