चार स्थानीय हिन्दी अखबारों में प्रकाशित सात खबरोंं को पेड न्यूज मानते हुए चुनाव आयोग द्वारा गठित मीडिया प्रमाणन और निगरानी समिति :एमसीएमसी: ने निर्देश दिया है इन खबरों के प्रकाशन में हुआ व्यय संबंधित राजनीतिक दलों के चुनावी खर्च में जोड़ा जाएगा ।
इस आशय की जानकारी जिलाधिकारी व एमसीएमसी के अध्यक्ष मुकेश बंसल ने दी ।
अधिकारी के मुताबिक, जिन अखबारों में खबरें प्रकाशित हुई हैं वे हैं.... दैनिक जनकर्म :तीन खबरें:, केलो प्रवाह :दो खबरें:, इस्पात टाइम्स :एक खबर: और दैनिक क्रांतिकारी संदेश :एक खबर: । यह खबरें रायगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी शंकरजीत नायक और भाजपा उम्मीदवार रोशन लाल अग्रवाल के पक्ष में हैं ।
अधिकारी ने बताया कि इन खबरों के प्रकाशन पर हुए व्यय को प्रत्याशियों के चुनावी खर्च में नहीं जोड़ा गया है क्योंकि यह खबरें दोनों के उम्मीदवार घोषित होने से पहले प्रकाशित हुई हैं ।
उन्होंने बताया कि एमसीएमसी ने सभी अखबारों के संपादकों से जवाब मांगा था लेकिन सिर्फ दो अखबारों ने ही नियत समय सीमा में जवाब दिया ।
उन्होंने बताया कि इन सात खबरों में से चार खबरें चारों अखबारों में बिल्कुल एक ही तरीके से , एक ही शीर्षक के साथ प्रकाशित हुई थीं ।