सहारा फोर्स इंडिया को अपनी घरेलू फार्मूला वन रेस ब्रिटिश ग्रां प्री में आज यहां कोई अंक नहीं मिला। उसके ड्राइवर निको हल्कनबर्ग 12वें स्थान पर रहे जबकि पाल डि रेस्टा शुरुआती लैप में ही कार भिड़ने के कारण बाहर हो गये थे।
हल्कनबर्ग आखिरी दस लैप तक अंक बनाने की स्थिति में थे लेकिन वह अपना स्थान बरकरार नहीं रख पाये। उन्होंने नौवें स्थान से शुरुआत करने के लिये क्वालीफाई किया था लेकिन गियर बाक्स बदलने के कारण उन पर पांच स्थान का जुर्माना लगा जिससे उन्हें 14वें स्थान से शुरुआत करनी पड़ी।
डि रेस्टा का परिणाम निराशाजनक रहा। स्काटलैंड के इस ड्राइवर की यह घरेलू रेस थी लेकिन लोटस के रोमेन ग्रोजियां की गाड़ी पहले लैप में ही उनकी गाड़ी से टकरा गयी।
फोर्स इंडिया के अब भी 44 अंक हैं और वह अब विलियम्स से तीन अंक पीछे हो गयी है।
हिस्पेनिया के भारतीय ड्राइवर नारायण कार्तिकेयन 21वें स्थान पर रहे।