बीजिंग, 25 अक्तूबर :भाषा: चीन के मीडिया का कहना है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के हालिया बीजिंग दौरे के समय भारत और चीन ने द्विपक्षीय संबंधों के सहज विकास के लिए नयी नियमावली पर काम करके इतिहास बनाया है।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने कहा, इतिहास एक क्षण में बनाया जा सकता है, खासकर जब दुनिया के दो सबसे अधिक आबादी वाले देश ऐसा करने को प्रतिबद्ध हों।
एजेंसी ने कहा, चीन के प्रधानमंत्री ली क्विंग और भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बीजिंग में हाथ मिलाने और एक दूसरे के दौरों की सराहना करने के साथ ही एशिया की दोनों ताकतें पीछे की ओर देखने के बजाय भविष्य को लेकर साथ आ गईंं।
प्र्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के चीन दौरे पर सीमा सुरक्षा सहयोग समझौते :बीडीसीए: सहित कुल नौ समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। यह दौरा कल संपन्न हुआ।
सिंह ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और प्रधानमंत्री ली क्विंग दोनों से बातचीत की। इस दौरान भारत-चीन संबंधों के लगभग सभी पहलुओं पर चर्चा की गई। प्रधानमंत्री के दौरे को यहां के आधिकारिक प्रिंट एवं टेलीविजन मीडिया में खासी तवज्जो मिली।