पड़ोसी देश नेपाल के नेपालगंज में हुई भारत नेपाल सीमा जिला समन्वय समिति की बैठक में नेपाली अधिकारियों ने भारतीय आधिकारियों को उक्त जानकारी देते हुए सहयोग की अपेक्षा की है।
बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करके वापस लौटे भारतीय सीमावर्ती जनपद बहराइच के पुलिस अधीक्षक मोहित गुप्ता ने आज यहां बताया कि 19 नवम्बर को नेपाल में संविधान सभा के चुनाव होने हैं, जिसके चलते नेपाली आधिकारियों ने 18 नवम्बर की शाम छह बजे से 20 नवम्बर की सुबह छह बजे तक 36 घंटे सीमा सील करने का प्रस्ताव रखा था, जिस पर दोनों देशों के आधिकारी सहमत थे।
गुप्ता ने बताया कि बैठक में नो मैन्स लैण्ड पर अतिक्रमण एवं सीमा स्तम्भों के क्षतिग्रस्त होने के संबंध में निर्णय लिया गया कि 25 नवम्बर के बाद दोनों देशों के अधिकारियों की संयुक्त टीमों द्वारा सर्वेक्षण कर अतिक्रमण हटाया जायेगा तथा क्षतिग्रस्त सीमा स्तम्भों की मरम्मत कराई जायेगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बैठक में अपराध, ड्रग तस्करी तथा आईएसआई की गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के लिए बेहतर सीमा प्रबंधन पर चर्चा की गयी।
गौरतलब है कि विगत एक से तीन जून तक काठमाण्डू मंे दोनों देशों के विदेश सचिव स्तर की वार्ता में तय हुआ था कि प्रत्येक तिमाही पर सीमा जिला समन्वय समिति की बैठकें कराई जायेगी। इसके अनुपालन में पहली बैठक सीमावर्ती नेपाली शहर नेपालगंज के एक होटल में बुधवार को सम्पन्न हुई। बैठक में नेपाली जनपद बांके, बर्दिया एवं डांग के मुख्य जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं वन विभाग के आधिकारी तथा भारत की ओर से बहराइच एवं श्रावस्ती जिलों के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी वन विभाग और सशस्त्र सीमा बल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।