कर्नाटक में पैदा हुए राजनैतिक संकट को समाप्त करते हुए भाजपा ने मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा से इस्तीफा दिलवाया और जगदीश शेट्टार उनकी जगह राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। विगत 11 महीने में राज्य में दूसरी बार नेतृत्व परिवर्तन हो रहा है।
भाजपा विधायक दल मंगलवार को प्रदेश के 56 वर्षीय लिंगायत नेता शेट्टार को अपना नेता चुनेगा। वह 11 जुलाई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
अगले साल की शुरूआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री को बदलने की लिंगायत नेता बी एस येदियुरप्पा की मांग के आगे झुकते हुए भाजपा आलाकमान ने 59 वर्षीय गौड़ा की जगह ग्रामीण विकास मंत्री शेट्टार को मुख्यमंत्री बनाने पर सहमति जता दी।
वरिष्ठ पार्टी नेता अरुण जेटली और राजनाथ सिंह को नये नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है जो कल बेंगलूर पहुंच सकते हैं।
भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने नेतृत्व परिवर्तन की घोषणा करते हुए कहा, कर्नाटक में मौजूदा राजनैतिक हालात के मद्देनजर सदानंद गौड़ा ने अपना इस्तीफा मुझे सौंप दिया है। अपने कार्यकाल में उन्होंने अच्छा काम किया और हमारी सरकार का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा।
गडकरी ने कहा, उनके खिलाफ भ्रष्टाचार की कोई शिकायत नहीं थी लेकिन पार्टी के हित को ध्यान में रखते हुए एक अच्छे कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने इस्तीफा दे दिया है।
उन्होंने इस बात की भी घोषणा की कि पार्टी की तरफ से उन्होंने गौड़ा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
गडकरी ने कहा, हमारी पार्टी ने जगदीश शेट्टार को नेतृत्व सौंपने का फैसला किया है।
यह पूछे जाने पर कि क्या पहले आई खबरों के अनुसार पार्टी उपमुख्यमंत्री भी नियुक्त करेगी तो गडकरी ने कहा कि इस मुद्दे पर इस तरह का कोई फैसला नहीं किया गया है।