उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय स्थानीय निकाय चुनावों के चौथे तथा अंतिम चरण में कल 17 जिलों में मतदान होगा।
प्रदेश के संयुक्त निर्वाचन आयुक्त जय प्रकाश सिंह ने आज यहां बताया कि स्थानीय निकाय चुनाव के चौथे तथा अंतिम चरण में कल प्रदेश के गाजियाबाद, बिजनौर, पीलीभीत, मथुरा, कांशीराम नगर, झांसी, महोबा, चित्रकूट, प्रतापगढ़, उन्नाव, सीतापुर, बहराइच, अम्बेडकर नगर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, गाजीपुर तथा सोनभद्र जिलों में कल वोट पड़ेंगे।
उन्होंने बताया कि अंतिम चरण के चुनाव में दो नगर निगमों समेत 136 निकायों के महापौर अथवा अध्यक्ष पद के कुल 1843 उम्मीदवारों और 2439 वार्डों के पार्षद या सभासदों के 13608 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा।
सिंह ने बताया कि इस चरण में कुल 55 लाख सात हजार 64 मतदाता कुल 1902 मतदान केन्द्रों पर वोट डाल सकेंगे। उन्होंने बताया कि कुल 680 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील तथा 770 केन्द्रों को अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है।
सिंह ने बताया कि बुंदेलखण्ड के झांसी, चित्रकूट तथा महोबा और नक्सल प्रभावित सोनभद्र जिले में मतदान सुबह साढ़े छह बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक होगा जबकि अन्य स्थानों पर प्रात: सात बजे से सायं छह बजे तक वोट डाले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मतदान से 24 घंटे ऐसे लोगों को इलाका छोड़कर जाने को कहा गया है, जो सम्बन्धित निकाय क्षेत्र के निवासी नहीं हैं, ताकि गड़बड़ी पैदा करने वाले तत्वों की घुसपैठ पर अंकुश लगाया जा सके।
मतों की गिनती सात जुलाई को होगी।