Hockey World Cup 2023: ओडिशा में तैयारियां पूरी, अर्जेंटीना और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला मुकाबला

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- January 13, 2023 | 2:22 PM IST

विश्व कप हॉकी प्रतियोगिता की शुरुआत शुक्रवार को अर्जेंटीना और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबले के साथ होगी। यह टूर्नामेंट ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम में 13 जनवरी से शुरू होगा। इस स्टेडियम में 16,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है। 17 दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 2018 की विजेता बेल्जियम सहित 16 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता 29 जनवरी तक चलेगी। ओडिशा सरकार को प्रतियोगिता के दौरान पर्यटकों की संख्या 70 प्रतिशत से अधिक बढ़ने की उम्मीद है।

विश्व कप हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन के लिए वर्ष 2021 में कलिंग स्टेडियम के जीर्णोद्धार और राउरकेला में 20,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता वाले नए स्टेडियम के निर्माण के लिए 356.38 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था। राउरकेला में बनने वाला स्टेडियम एशिया का सबसे बड़ा स्टेडियम होगा। विश्व कप हॉकी प्रतियोगिता की शुरुआत के साथ भुवनेश्वर में सांस्कृतिक आयोजन (फेस्ट) भी शुरू हो जाएगा। इसे डॉट फेस्ट के नाम से भी जाना जाता है। इस कार्यक्रम के लिए 12 करोड़ रुपये का इंतजाम किया गया है। इस साल आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम बड़ा एवं बेहतर होगा जिसमें खान-पान, मनोरंजन, कला और ट्रेल्स के माध्यम से राज्य की संस्कृति का बखान किया जाएगा।

इस कार्यक्रम के लिए तय जगहों आईडीसीओ एग्जिबिशन ग्राउंड और अन्य स्थानों पर रोज 15,000 लोगों के आने की उम्मीद है। यह कार्यक्रम 15 से 29 जनवरी तक मनाया जाएगा। मशहूर सैफ हेमंत ओबेरॉय की अगुआई में विश्व कप हॉकी में भाग लेने वाले सभी 16 देशों के व्यंजन तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही ओडिशा और देश के अन्य भागों के व्यंजन भी उपलब्ध होंगे।

इस कार्यक्रम का पहला संस्करण 2018 में आयोजित हुआ था जिसका मकसद भुवनेश्वर के सांस्कृतिक पहलुओं की नुमाइश के जरिये पर्यटकों को आकर्षित करना था। इस कार्यक्रम के दूसरे संस्करण में पहली बार मध्यरात्रि बाजार (मिडनाइट बाजार) का आयोजन होगा और प्राचीन वस्तुओं का बाजार भी लगेगा। पुरानी एवं प्राचीन वस्तुओं के इस बाजार में पुरस्कार विजेता कुछ हस्तशिल्पियों और शिल्पकारों की कलाकृतियों का प्रदर्शन किया जाएगा।

एक फोटो प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। इस फोटो प्रदर्शनी में 1860 से वर्तमान समय तक भुवनेश्वर की तस्वीरें दिखाई जाएंगी। इसके माध्यम से शहर में हुए बदलावों को रेखांकित किया जाएगा। इस फोटो प्रदर्शनी के आयोजन के लिए काफी शोध हुए हैं। इस प्रदर्शनी को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार ने सरकारी सूत्रों से लेकर पुरातत्व संस्थानों, स्थानीय फोटो स्टूडियो और नागरिकों को फोटो साझा करने के लिए कहा है। इस फोटो प्रदर्शनी में ये सभी फोटो दिखाए जाएंगे।

कार्यक्रम में बॉलीवुड के कलाकार भी अपना जलवा दिखाएंगे। इसमें कलाकारों, डांसर के अलावा उदित नारायण, अलका या​ग्निक, अमित त्रिवेदी, शिल्पा राव, गुरु रंधावा, नीति मोहन, हरदीप कौर, श्यामक डावर सहित अन्य पार्श्व गायक एवं संगीतकार भाग लेंगे।

इसके अलावा राज्य नियंत्रित एकामरा वॉक्स में प्रकृति का नजारा पेश किए जाने के साथ ही खान-पान की भी व्यवस्था होगी। इसके लिए टिकटों की बिक्री होगी जिनकी कीमत 50 रुपये से 250 रुपये के बीच होगी। भुवनेश्वर के इस सबसे बड़े त्योहार के बारे में भुवनेश्वर विकास प्राधिकरण के वाइस-चेयरमैन बलवंत सिंह कहते हैं, ‘समारोह में कई तरह के कार्यक्रम दिखाए जाएंगे। इनमें लाइव परफॉर्मेंस, फूड ट्रेल्स और कहानी वाचन सहित कई गतिविधियां संचालित की जाएंगी। हम आगंतुकों को एक यादगार अनुभव देने के लिए तैयार और उत्साहित हैं।’

ओडिशा सरकार महिला एवं पुरुष दोनों श्रेणियों में कुछ उम्दा खेलों को समर्थन और इनका आयोजन कर रही है। भुवनेश्वर को देश में खेलों की राजधानी के नाम से भी जाना जाता है। वित्त वर्ष 2022-23 के लिए खेल का बजट बढ़ाकर 911 करोड़ रुपये कर दिया गया। वित्त वर्ष 2022 में यह बजट 405 करोड़ रुपये था। बजट में खेलों के लिए बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा और ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ को समर्थन देने सहित कई बातों का ध्यान रखा गया है। बिज़नेस स्टैंडर्ड में पूर्व में प्रकाशित एक आलेख के अनुसार 2018 में जब ओडिशा में पहली बार पुरुषों का हॉकी विश्व कप आयोजित हुआ था तो राज्य में पर्यटकों की आमद 60 प्रतिशत तक बढ़ गई थी। उस समय ज्यादातर होटल पूरी तरह भर गए थे। ओडिशा के पर्यटन विभाग द्वारा जुटाए गए अस्थायी आंकड़ों के अनुसार 2018 में नवंबर और दिसंबर के दौरान राज्य में क्रमशः 16.1और 22.2 लाख घरेलू पर्यटक आए थे। विदेशी पर्यटकों की संख्या भी 50 प्रतिशत तक बढ़ गई थी।

सरकार के एक सूत्र ने कहा, ‘ओडिशा में खेल संस्कृति में एक बड़ा बदलाव आया है। खासकर 2018 और 2022 के बीच चीजें काफी बदल गई हैं। हॉकी के अलावा फुटबॉल, निशानेबाजी, बैडमिंटन सहित दूसरे खेलों की तरफ भी रूझान खासा बढ़ गया है। ‘ अधिकारी ने कहा कि आने वाले साल में ओडिशा में कई खेल संस्थान खुलने की उम्मीद है।

उदाहरण के लिए डालमिया भारत गोपीचंद ओडिशा बैडमिंटन अकैडमी इस साल भुवनेश्वर में खुलने जा रहा है। पिछले दो से तीन वर्षों के दौरान नवल टाटा हॉकी अकैडमी और अभिनव बिंद्रा टारगेटिंग परफॉर्मेंस सेंटर की भी शुरुआत हो चुकी है। इनके अलावा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और अन्य प्रमुख हस्तियों द्वारा दूसरे हॉकी विलेज और खेल संस्थानों की भी शुरुआत हो रही है।
कोविड महामारी और चक्रवाती तूफान फणी के बाद पहली बार हॉकी टूर्नामेंट और फेस्ट का आयोजन हो रहा है। यह दोनों आयोजन ओडिशा की सहनशक्ति और जज्बे को सलाम करते हैं।

First Published : January 13, 2023 | 2:15 PM IST