Stock Market: RBI के मॉनेटरी पॉलिसी रिव्यू के बाद घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार उछाल आया। आज के कारोबार में BSE सेंसेक्स 304 अंक मजबूत हुआ। वहीं, निफ्टी (Nifty) में भी 68 अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि व्यापक बजारों में तेज मुनाफावसूली देखी गई और दोनों – बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक 1 प्रतिशत तक नीचे आ गए। केंद्रीय बैंक ने रीपो रेट को 6.5 प्रतिशत पर कायम रखा और वित्त वर्ष 2024 के लिए GDP ग्रोथ रेट का अनुमान 6.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया।
इससे पहले मॉनेटरी पॉलिसी रिव्यू से उत्साहित होकर दोपहर के कारोबार में निफ्टी 50 बेंचमार्क ने पहली बार 21,000 का आंकड़ा पार किया। निफ्टी 50 को 20,000 से 21,000 अंक पार करने में 60 कारोबारी सत्र लगे।निफ्टी 50 ने इसी साल 11 सितंबर को पहली बार 20 हजार के स्तर को छूआ था। BSE सेंसेक्स में भी बढ़त रही और यह 300 अंक उछलकर 69,888 के नए ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया था। हालांकि, इसके बाद BSE सेंसेक्स और निफ्टी दोनों की बढ़त कुछ कम हो गई।
BSE का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 303.91 अंक यानी 0.44 फीसदी की बढ़त के साथ 69,825.60 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में आज 69,506.12 और 69,893.80 के रेंज में कारोबार हुआ।
वहीं, दूसरी तरफ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के निफ्टी (Nifty) में भी 68.25 अंक यानी 0.33 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। निफ्टी दिन के अंत में 20,969.40 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी में आज 20,862.70 और 21,006.10 के रेंज में कारोबार हुआ।