प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
Stock Market Live Updates 2 February 2026: वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच सोमवार (2 फरवरी) को भारतीय शेयर बाजार की कमजोर शुरुआत हुई। हालांकि, थोड़ी देर बाद बाजार गिरावट से उबरकर हरे निशान में आ गया और उसके बाद से लगातार तेजी जारी है। दोपहर 2:10 बजे सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 81,200 को पार कर चुका था। वहीं, निफ्टी लगभग 110 अंकों की बढ़त के साथ 24,930 पर पहुंच चुका था है। शुरुआती कारोबार में मेटल, ऑटो, रियल्टी और PSU व प्राइवेट बैंक में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। इससे पहले, बाजार ने कमजोर शुरुआत की। आज सेंसेक्स 167 अंक गिरकर 80,555.68 पर खुला। वहीं, निफ्टी- 50 ने करीब 30 अंक की कमजोरी के साथ 24,796.50 पर कारोबार शुरू किया।
रविवार, 1 फरवरी को बजट 2026 के स्पेशल सेशन के दौरान सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) में दो साल बाद बढ़ोतरी के ऐलान के चलते भारतीय बाजारों में जोरदार बिकवाली देखने को मिली थी, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी 1.8 फीसदी से ज्यादा टूट गए थे।
सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के टॉप गेनर में L&T, एशियन पेंट्स, अदाणी पावर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावरग्रिड, BEL शामिल रहे। L&T और रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1 फीसदी से ज्यादा का उछाल देखा गया। वहीं दूसरी ओर, टॉप लूजर में ITC, इंफोसिस, ट्रेंड, टाइटन और हिंदुस्तान यूनिलीवर शामिल रहे। ट्रेंट, इंफोसिस, ITC के शेयरों में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही।
वैश्विक बाजारों की बात करें तो एशियाई बाजारों में सोमवार सुबह शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख देखने को मिला। निवेशक चीन की फैक्ट्री एक्टिविटी से जुड़े जनवरी के निजी आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं। इस दौरान सोने की कीमतों में गिरावट जारी रही और शुक्रवार की कमजोरी आगे बढ़ती दिखी।
अंतिम अपडेट तक चीन का CSI 300 इंडेक्स 0.01 प्रतिशत की बढ़त पर था, जापान का निक्केई 0.75 प्रतिशत चढ़ा हुआ था, जबकि हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग 1.34 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.63 प्रतिशत टूट चुका था।
शुक्रवार को वॉल स्ट्रीट के प्रमुख इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि, निवेशकों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप द्वारा केविन वार्श को फेडरल रिजर्व का प्रमुख चुने जाने के फैसले को बड़े पैमाने पर समर्थन दिया। कारोबार के अंत में S&P 500 में 0.43 प्रतिशत, नैस्डैक में 0.94 प्रतिशत और डॉव जोन्स में 0.36 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
कमोडिटी बाजार में निवेशकों की नजर कीमती धातुओं और बिटकॉइन की कीमतों पर बनी हुई है। जारी अनिश्चितता के बीच बिटकॉइन अप्रैल के बाद पहली बार 80,000 डॉलर के स्तर से नीचे फिसल गया है। यह दर्शाता है कि निवेशक शुक्रवार को सोने और चांदी में आई तेज गिरावट के बाद जोखिम से दूरी बना रहे हैं।
आज कई प्रमुख कंपनियां अपने तीसरी तिमाही के नतीजे जारी करेंगी, जिनमें बजाज हाउसिंग फाइनेंस, हुंडई मोटर इंडिया, इंडस टावर्स, महिंद्रा लाइफस्पेस डेवलपर्स, ओला इलेक्ट्रिक, PB फिनटेक, रेलटेल और टाटा केमिकल्स शामिल हैं। इसके अलावा, रविवार को जारी किए गए लेटेंट व्यू के नतीजों पर भी बाजार की प्रतिक्रिया देखने को मिलेगी।
1 फरवरी से सिगरेट और तंबाकू उत्पादों पर बढ़ी हुई एक्साइज ड्यूटी लागू होने के बाद आईटीसी (ITC), गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया, एलीटकॉन इंटरनेशनल, VST इंडस्ट्रीज और NTC इंडस्ट्रीज जैसे शेयरों में आज हलचल देखने को मिल सकती है।
वहीं फ्यूचर्स और ऑप्शंस से जुड़े सौदों पर STT को 0.02 प्रतिशत से बढ़ाकर 0.05 प्रतिशत किए जाने के बाद BSE, NSDL, Groww और एंजेल वन जैसे शेयर फोकस में रह सकते हैं।
बैंकिंग शेयरों में भी हलचल संभव है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), HDFC बैंक और ICICI बैंक सहित अन्य बैंकिंग शेयरों पर नजर रहेगी, क्योंकि केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2027 (FY27) के लिए कुल बाजार उधारी (Gross Market Borrowing) 17.2 ट्रिलियन रुपये तय की है, जो बाजार के अनुमानों से अधिक है। सरकार ने शुद्ध उधारी (Net Borrowing) का आंकड़ा 11.7 ट्रिलियन रुपये रखा है।