बाजार

Stock Market Update: गिरावट के साथ हुई बाजार की शुरुआत, सेंसेक्स 350 अंक गिरकर खुला; निफ्टी 24650 के नीचे

Stock Market Update: आईसीआईसीआई और एचडीएफ़सी जैसे प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में बिकवाली का बाजार पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- March 06, 2026 | 9:22 AM IST

Stock Market Update, 06 March: वैश्विक बाजारों से कमजोर संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के अंतिम ट्रेडिंग सेशन यानी शुक्रवार (6 मार्च) को गिरावट के साथ खुले। एक दिन पहले बाजार में आई रिकवरी के बाद बाजार में फिर बिकवाली देखने को मिल रही है। आईसीआईसीआई और एचडीएफ़सी जैसे प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में बिकवाली का बाजार पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 79,658 अंक पर खुला। जबकि गुरुवार को यह 80,015 पर बंद हुआ था। सुबह 9:20 बजे यह 554.50 अंक या 0.69 फीसदी की गिरावट लेकर 79,461.40 पर कारोबार कर रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी गिरावट के साथ 24,656 अंक पर खुला। सुबह 9:20 बजे यह 176.40 या 0.71 प्रतिशत की गिरावट लेकर 24,589.50 पर ट्रेड कर रहा था।

Global Markets

एशिया क्षेत्र के ज्यादातर शेयर बाजारों में भी गिरावट देखी गई। इसकी मुख्य वजह अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के कारण वैश्विक तेल सप्लाई को लेकर बढ़ती चिंता है। जापान का निक्केई 225 लगभग 1.3 प्रतिशत तक गिर गया, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी करीब 3.63 प्रतिशत नीचे कारोबार करता दिखाई दिया।

अमेरिकी शेयर बाजार भी गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए। एसएंडपी 500 में लगभग 0.57 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.61 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट भी करीब 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका में 23 राज्यों के अटॉर्नी जनरल ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ के खिलाफ फिर से मुकदमा दायर किया है, जिससे वॉल स्ट्रीट में अनिश्चितता बढ़ गई है।

तेल की कीमतों में उछाल

ईरान से तेल सप्लाई बाधित होने की आशंका के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी देखी गई। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कारोबारी सत्र में ब्रेंट कच्चा तेल लगभग 5 प्रतिशत बढ़कर 85.41 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। एशियाई कारोबार में भी ब्रेंट तेल करीब 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84.16 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा। भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ा है, जिससे सोने की कीमतों में भी तेजी आई। गोल्ड फ्यूचर्स लगभग 1.34 प्रतिशत बढ़कर 5,146.39 डॉलर पर कारोबार कर रहे थे।

IPO Update

आईपीओ बाजार में आज भी हलचल बनी रहेगी। सेडेमैक मेकाट्रॉनिक्स का आईपीओ शुक्रवार को सब्सक्रिप्शन के अपने आखिरी दिन में है। दूसरे दिन तक यह इश्यू 0.46 गुना सब्सक्राइब हुआ था। यह 1,087.45 करोड़ रुपये का बुक-बिल्ट इश्यू है और पूरा ऑफर फॉर सेल है। वहीं, श्रीनिबास प्रधान कंस्ट्रक्शंस का आईपीओ आज से खुल रहा है, जबकि एल्फिन एग्रो इंडिया का आईपीओ अपने दूसरे दिन में प्रवेश करेगा।

First Published : March 6, 2026 | 8:14 AM IST