Tata Consumer Products Stock: भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के अंतिम ट्रेडिंग सेशन यानी शुक्रवार (6 मार्च) को गिरावट देखने को मिल रही है। एक दिन पहले बाजार में आई रिकवरी के बाद बाजार में फिर बिकवाली हावी है। आईसीआईसीआई और एचडीएफ़सी जैसे प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में बिकवाली का बाजार पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का नेगेटिव असर पड़ा है। बाजार में इस मूड माहौल के बीच ब्रोकरेज फर्म नुवामा ने टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स (Tata Consumer Products) पर पॉजिटिव आउटलुक दिया है। ब्रोकरेज की माने तो नई केटेगरी में बिजनेस बढ़ाने से कंपनी की ग्रोथ को फायदा मिलने की उम्मीद है।
नुवामा ने टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स पर खरीदारी की सलाह दी है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 1,500 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह से शेयर निवेशकों को मौजूदा लेवल से 34 प्रतिशत तक का रिटर्न दे सकता है।
शेयर के हालिया प्रदर्शन की बात करें तो एक महीने में यह करीब 3 प्रतिशत गिरा है। जबकि छह महीने शेयर 5 प्रतिशत चढ़ा है। एक साल में स्टॉक ने 17 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। वहीं, दो साल में 7 प्रतिशत गिरा और तीन साल में 60 फीसदी चढ़ा है। स्टॉक का 52 वीक्स का हाई 1,220.70 रुपये और लो 934 रुपये है।
यह पढ़ें: Hotel Stocks: डिमांड-सप्लाई गैप से होटल कंपनियों को फायदा! इन शेयरों में 62% तक तेजी का अनुमान
ब्रोकरेज के अनुसार, कंपनी अब अपने कारोबार में बड़ा रणनीतिक बदलाव कर रही है और खुद को कई तरह के फूड एंड ड्रिंक प्रोडक्ट्स वाली कंपनी के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। कंपनी के कुल उत्पाद पोर्टफोलियो का करीब 30 प्रतिशत हिस्सा ऐसे तेजी से बढ़ने वाले केटेगरी से आता है, जिनमें नई बाजार रणनीति की मदद से लगभग 30 प्रतिशत की दर से वृद्धि जारी रहने की उम्मीद है।
ब्रोकरेज ने कहा कि अमेरिका में टैरिफ सामान्य होने और कॉफी की लागत कम रहने से बिक्री और मुनाफे के मार्जिन में भी सुधार हो सकता है। कंपनी ने अगले दो से तीन वर्षों में परिचालन लाभ मार्जिन को लगभग 17 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है, जबकि वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के अंत तक यह करीब 15 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में 14.1 प्रतिशत था।
(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)