शेयर बाजार

Closing Bell: इजरायल- ईरान तनाव के बीच लगातार छठे दिन गिरा शेयर बाजार; सेंसेक्स, निफ्टी लाल निशान में बंद

Stock Market Today Closing bell: BSE का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 0.78% या 638.45 अंक गिरकर 81,050 के लेवल पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 50 भी 0.87% या 218.85 अंक लुढ़ककर बंद हुआ।

Published by
रत्न शंकर मिश्र   
Last Updated- October 07, 2024 | 7:10 PM IST

Share Market Closing Today: भारतीय शेयर बाजार में आज यानी 7 अक्टूबर को लगातार छठे सेशन में गिरावट देखने को मिली। प​श्चिम एशिया में संघर्ष गहराने से विदेशी निवेशक (FPI) अपने शेयरों की बिकवाली कर रहे हैं। वे चीन के शेयरों में निवेश को ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं। चीन में सरकारी प्रोत्साहन के दम पर बाजार चढ़ने से विदेशी निवेशकों का रुख उसकी ओर बढ़ गया है। बाजार में उठापटक मापने वाला सूचकांक इंडिया VIX सोमवार को बढ़कर 15.08 पर पहुंच गया, जो एक महीने का उच्चतम स्तर है। पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को यह बढ़कर 14.1 पर पहुंच गया था।

आज BSE का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 0.78% या 638.45 अंक गिरकर 81,050 के लेवल पर बंद हुआ। वहीं NSE का बेंचमार्क निफ्टी 50 भी 0.87% या 218.85 अंक लुढ़ककर बंद हुआ। BSE पर कुल मिलाकर आज 4,178 शेयरों में ट्रेडिंग हुई, जिसमें से 3,416 में गिरावट देखने को मिली। ऐसा ही हाल NSE का भी रहा। NSE पर आज टोटल 2,937 कंपनियों में ट्रेडिंग हुई, जिनमें से 2,490 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। NSE पर सिर्फ 384 शेयर ही हरे निशान में ट्रेड कर सके।

7 अक्टूबर को FPI ने लगभग 8,300 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जिससे उनकी मासिक बिक्री बढ़कर लगभग 40,000 करोड़ रुपये हो गई। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने 13,245 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। यह DII की एक दिन की सबसे बड़ी खरीदारी है।

सेक्टोलर इंडेक्स की परफॉर्मेंस

शेयर बाजार में सेक्टर वाइज परफॉर्मेंस की बात की जाए तो आज सिर्फ निफ्टी IT शेयरों में 0.66% की बढ़त देखने को मिली। इसके अलावा, सारे सेक्टर्स लाल निशान में दिखे। सबसे बड़ी गिरावट देखें तो निफ्टी मीडिया आज 3.65% गिर गया। इसके अलावा, Nifty PSU Bank में 3% से ज्यादा यानी 3.31% की गिरावट देखने को मिली। चूंकि शेयर बाजार में बैंकिंग और IT शेयरों का वेटेज ज्यादा होता है। IT शेयरों में उछाल तो दिखी लेकिन, बैंक के शेयर मार्केट में जबरदस्त गिरावट होने से रोक नहीं सके। निफ्टी बैंक के शेयर 1.91% गिर गए। निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1.82% की गिरावट देखी गई।

टॉप गेनर्स

30 शेयरों वाले BSE Sensex पर आज सिर्फ 7 शेयर ही बढ़त बनाने में कामयाब रहे। बाकी के 23 शेयर लाल निशान में बंद हुए। आज का टॉप गेनर स्टॉक महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) रहा। M&M के शेयर 1.46% बढ़कर 3061.15 पर बंद हुए। इसके अलावा, ITC, भारती एयरटेल, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, TCS और टेक महिंद्रा के शेयरों में बढ़त देखने को मिली।

50 शेयरों वाले निफ्टी-50 पर केवल 10 शेयर हरे निशान में बंद हुए। निफ्टी 50 का टॉप गेनर स्टॉक Tata Group की कंपनी Trent रहा। ट्रेंट के शेयर आज 1.86% बढ़कर 7,489.90 रुपये पर क्लोज हुए। इसके अलावा, M&M, भारती एयरटेल, ITC, बजाज फाइनेंस, TCS, अपोलो हॉस्पिटल्स, सिप्ला और टेक महिंद्रा बढ़त बनाने वाले शेयर रहे।

टॉप लूजर्स

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 शेयर लाल निशान में बंद हुई। सबसे बड़ी, 4.17 % की गिरावट अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports Share) में देखने को मिली। अदाणी पोर्ट्स शेयर प्राइस 1354.10 रुपये पर क्लोज हुई। इसके अलावा, NTPC, SBI, पावर ग्रिड, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, HDFC Bank, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, रिलायंस जैसे स्टॉक लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी 50 काटॉप लूजिंग स्टॉक भी आज अदाणी पोर्ट्स ही रहा।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, ‘भारतीय बाजार में गिरावट का दौर जारी है…अधिक मूल्यांकन के कारण बाजार में व्यापक आधार पर गिरावट देखने को मिल रही है। निवेशक चीन की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इसका कारण आकर्षक मूल्यांकन और प्रोत्साहन उपाय हैं।’

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 79.68 डॉलर प्रति बैरल रहा। एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार के दौरान मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त में रहे थे।

(भाषा के इनपुट के साथ)

First Published : October 7, 2024 | 3:47 PM IST