बाजार

Rupee Vs Dollar: शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया सीमित दायरे में रहा

Rupee Vs Dollar: छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत घटकर 104.80 पर पहुंच गया।

Published by
भाषा   
Last Updated- March 12, 2024 | 10:40 AM IST

रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सीमित दायरे में रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि प्रतिभागी अमेरिका में फरवरी के मुद्रास्पीति के आंकड़ों और भारत में फरवरी के मुद्रास्फीति के आंकड़ों तथा जनवरी के आईआईपी आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं।

इस बीच, सकारात्मक घरेलू शेयर बाजार, विदेशी कोषों की आवक और विदेशी बाजार में अमेरिकी मुद्रा की कमजोरी से निवेशकों की भावना मजबूत हुई। दूसरी ओर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने स्थानीय मुद्रा की बढ़त को सीमित किया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 82.74 पर खुला, और फिर मजबूती के साथ 82.72 पर पहुंच गया। इस तरह रुपये ने पिछले बंद भाव के मुकाबले तीन पैसे की बढ़त दर्ज की। रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आठ पैसे की गिरावट के साथ 82.75 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत घटकर 104.80 पर पहुंच गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.36 प्रतिशत बढ़कर 82.51 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 4,212.76 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

First Published : March 12, 2024 | 10:40 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)