बाजार

₹400 के पार जाएगा NTPC? तीन ब्रोकरेज ने दी BUY की सलाह

एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग, नुवामा और Axis Direct को NTPC की लंबी अवधि की ग्रोथ पर भरोसा, टारगेट 390 से 423 रुपये तक

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- February 02, 2026 | 3:32 PM IST

सरकारी बिजली कंपनी NTPC के शेयर को लेकर ब्रोकरेज फर्मों का भरोसा बना हुआ है। एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग, एक्सिस डायरेक्ट और नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज तीनों ने NTPC के शेयर पर BUY की सलाह दी है और आने वाले 12 महीनों में शेयर में अच्छी तेजी की उम्मीद जताई है।

एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग की रिपोर्ट क्या कहती है

एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग के मुताबिक, NTPC का मौजूदा बाजार भाव 346 रुपये है और उन्होंने इसका टारगेट प्राइस 423 रुपये रखा है। रिपोर्ट में बताया गया है कि वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही (Q3FY26) में NTPC का स्टैंडअलोन मुनाफा करीब 49,900 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 6 फीसदी ज्यादा है। हालांकि यह अनुमान से थोड़ा कम रहा, लेकिन बाजार की उम्मीदों के आसपास ही है।

रिपोर्ट के अनुसार, NTPC का रेगुलेटेड इक्विटी बेस लगातार बढ़ रहा है। कंपनी ने इस वित्त वर्ष में अब तक 6.6 गीगावॉट की नई बिजली क्षमता जोड़ी है, जो अब तक के किसी भी 10 महीने के सबसे ऊंचे स्तर पर है। इसमें थर्मल, रिन्यूएबल एनर्जी और पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट शामिल हैं।

एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग का कहना है कि NTPC की निर्माणाधीन परियोजनाओं की कुल क्षमता करीब 33 गीगावॉट है, जिससे आने वाले वर्षों में हर साल करीब 10 गीगावॉट क्षमता जोड़ने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, न्यूक्लियर पावर के क्षेत्र में भी प्रगति हो रही है और 2047 तक 30 गीगावॉट न्यूक्लियर क्षमता का लक्ष्य रखा गया है।

हालांकि बिजली उत्पादन में थोड़ी सुस्ती को देखते हुए ब्रोकरेज ने अपने मुनाफे के अनुमान में हल्की कटौती की है, लेकिन इसके बावजूद 423 रुपये का टारगेट प्राइस और BUY रेटिंग बरकरार रखी गई है।

नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की राय

नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने भी NTPC पर BUY की रेटिंग दी है और इसे सेक्टर में Outperformer बताया है। नुवामा के मुताबिक NTPC का मौजूदा भाव 356 रुपये है और उन्होंने इसका 12 महीने का टारगेट प्राइस 409 रुपये तय किया है।

Also Read | Bank Stocks: SBI, BOB, Indian Bank क्यों टूटे? 2 दिन में 8% की बड़ी गिरावट

नुवामा की रिपोर्ट के अनुसार, Q3FY26 में NTPC का स्टैंडअलोन मुनाफा करीब 47,000 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर लगभग स्थिर रहा। कमजोर बिजली मांग के कारण प्लांट लोड फैक्टर में गिरावट आई, जिससे बिजली उत्पादन भी घटा।

हालांकि, नुवामा का कहना है कि कंपनी की रेगुलेटेड इक्विटी बढ़ रही है और लागत से जुड़ी रिकवरी में सुधार हो रहा है। कंपनी ने संकेत दिए हैं कि आने वाली तिमाहियों में फिक्स्ड कॉस्ट की रिकवरी और बेहतर होगी।

Axis Direct की रिपोर्ट

Axis Direct की रिपोर्ट के अनुसार, NTPC का Q3FY26 प्रदर्शन कुल मिलाकर स्थिर रहा है और तिमाही के कुछ आंकड़े उम्मीद से कमजोर रहने के बावजूद कंपनी की लंबी अवधि की तस्वीर मजबूत बनी हुई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि NTPC लगातार नई क्षमता जोड़ रही है, खासकर थर्मल और रिन्यूएबल एनर्जी दोनों मोर्चों पर कंपनी का रोडमैप साफ और भरोसेमंद है। आने वाले वर्षों में बड़े कैपेक्स प्लान, मजबूत प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन क्षमता और रेगुलेटेड बिजनेस मॉडल के चलते कमाई में स्थिर बढ़त की उम्मीद जताई गई है। इन्हीं वजहों से Axis Direct ने NTPC के शेयर पर BUY की सिफारिश बनाए रखी है और अनुमान में हल्की कटौती के बावजूद इसका टारगेट प्राइस 390 रुपये तय किया है, जिससे मौजूदा स्तरों से निवेशकों को बेहतर रिटर्न मिलने की संभावना जताई गई है।

लंबी अवधि में NTPC को क्यों पसंद कर रहे हैं ब्रोकरेज

नुवामा के मुताबिक, भले ही निकट भविष्य में ग्रोथ थोड़ी धीमी रहे, लेकिन NTPC की कोर रिटर्न ऑन इक्विटी 16 से 17 फीसदी बनी रहने की उम्मीद है। इसके अलावा FY25 से FY28 के बीच कंपनी की कमाई में करीब 6 फीसदी सालाना वृद्धि का अनुमान है।

ब्रोकरेज का मानना है कि NTPC थर्मल और रिन्यूएबल एनर्जी दोनों में संतुलित निवेश कर रही है और मौजूदा वैल्यूएशन पर शेयर सस्ता नजर आता है। इसी वजह से नुवामा ने NTPC को यूटिलिटी सेक्टर में अपनी टॉप पिक बताया है।

डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।

First Published : February 2, 2026 | 3:32 PM IST