एयर इंडिया का विमान बोइंग 787 जब आज लंदन-बेंगलूरु के लिए उड़ान भर रहा था तब बाएं इंजन के ईंधन नियंत्रण स्विच में गड़बड़ी का पता चला। इंजन शुरू करते समय यह स्विच ‘रन’ में लॉक नहीं रह पाया और दो बार कोशिश करने के बाद ‘कटऑफ’ में चला गया।
एयर इंडिया ने कहा कि उसने इस गड़बड़ी का पता चलने के बाद विमान को हवाईअड़्डे पर ही खड़ा कर दिया और विमान विनिर्माता कंपनी बोइंग से इसकी जांच करने के लिए कहा है। साथ ही इस घटना के बारे में नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को सूचना दे दी गई है।
कंट्रोल स्विच ‘रन’ पोजिशन में लॉक रहने में विफल रहा और ‘कटऑफ’ पोजिशन की ओर चला गया, इस तरह की गड़बड़ी विशेष परिस्थितियों में उड़ान के दौरान अनजाने में इंजन बंद होने का कारण बन सकती है।
पिछले साल 12 जून को अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया बोइंग 787 विमान (फ्लाइट एआई171) के दुर्घटनाग्रस्त होने में ईंधन नियंत्रण स्विच में कथित खामी एक प्रमुख कारक था जिसका अंदाजा जुलाई 2025 में जारी विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की प्रारंभिक रिपोर्ट में भी मिला था। इस दुर्घटना में विमान में सवार 242 यात्रियों में से 241 की मौत हो गई थी।