भारतीय लगेज (सूटकेस-बैग) का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज की रिपोर्ट के मुताबिक यह इंडस्ट्री 2028 तक ₹2.67 लाख करोड़ की हो जाएगी। अभी 2023 में इसका साइज ₹1.55 लाख करोड़ था, जो 2024 में बढ़कर ₹1.70 लाख करोड़ तक पहुंच गया। महामारी के समय 2020 में यह बाजार सिर्फ ₹60 हजार करोड़ तक सिमट गया था।
रिपोर्ट कहती है कि इस समय 52% मार्केट ब्रांडेड कंपनियों के पास है और आने वाले सालों में यह हिस्सेदारी और बढ़ेगी। VIP, American Tourister और Samsonite जैसी कंपनियां मिड और प्रीमियम सेगमेंट पर ध्यान दे रही हैं। वहीं Safari और Aristocrat जैसी कंपनियां कम कीमत वाले सेगमेंट में मजबूत हैं। नए डिजिटल ब्रांड जैसे Mokobara और Uppercase भी तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि लोगों की बढ़ती आमदनी, शहरों में रहन-सहन का बदलता तरीका, घरेलू और विदेश यात्राओं में बढ़ोतरी, और डेस्टिनेशन वेडिंग जैसी वजहें इस कारोबार को बढ़ावा दे रही हैं। शादी के सीजन में प्रीमियम लगेज की बिक्री हर साल 10–15% तक बढ़ रही है। इसके अलावा छात्रों का विदेश जाना, ऑफिस ट्रिप और कॉर्पोरेट इवेंट्स भी मांग बढ़ा रहे हैं।
मोतीलाल ओसवाल ने अपनी रिपोर्ट में दो बड़ी कंपनियों पर खास ध्यान दिया है –
VIP Industries (टारगेट प्राइस ₹530): कंपनी ने पिछले तीन साल में 19% की ग्रोथ दिखाई है। आने वाले समय में इसके और तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। FY25–28 के दौरान इसके रेवेन्यू में 10% और मुनाफे (EBITDA) में 73% की ग्रोथ का अनुमान है। अभी इसका BSE पर रेट ₹442.20 है इसलिए इसमें करीब 20% तक तेजी का अनुमान है।
Safari Industries (टारगेट प्राइस ₹2,700): सस्ती रेंज के बाजार में Safari की पकड़ मजबूत है। FY22–25 के दौरान कंपनी ने 36% की ग्रोथ दर्ज की। आने वाले समय में इसके रेवेन्यू में 16% और मुनाफे में 25% से ज्यादा की बढ़त हो सकती है। अभी यह स्टॉक BSE पर ₹2246 के भाव पर ट्रेड कर रहा है। इस लिहाज से इसमें 20% तेजी का अनुमान है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में भारत में 3 अरब से ज्यादा घरेलू यात्राएं हुईं। एयरपोर्ट्स की संख्या लगातार बढ़ रही है और 2031 तक 60% से ज्यादा परिवार मिडिल और हाई-इनकम वर्ग में आ जाएंगे। ऐसे में लगेज का बाजार और बड़ा होगा।
(डिस्क्लेमर: यह खबर मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज रिसर्च पर आधारित है। निवेश संबंधी कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श करें।)