बीते हफ्ते की शुरुआत अच्छी हुई थी, लेकिन बाद में बाजार की रफ्तार कम हो गई। दुनिया में बढ़ती अनिश्चितता, कच्चे तेल के दाम में तेजी और आईटी सेक्टर में एआई को लेकर चिंता के कारण निवेशक सतर्क हो गए। निफ्टी शुक्रवार को 25,179 पर बंद हुआ। पूरे हफ्ते में यह 393 अंक गिरा। एक्सिस डायरेक्ट की रिपोर्ट कहती है कि फिलहाल बाजार पर दबाव बना हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक निफ्टी के वीकली चार्ट में फिलहाल कमजोरी दिख रही है। इंडेक्स एक गिरते हुए दायरे में कारोबार कर रहा है और 25,350 के स्तर से नीचे आ गया है, जो 200 दिन का अहम औसत माना जाता है। अगर निफ्टी दोबारा 25,350 के ऊपर टिकता है तो 25,500 तक थोड़ी तेजी देखने को मिल सकती है। इसके बाद 25,625 के आसपास तक भी बढ़त संभव है। वहीं नीचे की ओर 25,108 पहला सहारा है। अगर यह स्तर टूटता है तो निफ्टी 24,850 तक गिर सकता है। और अगर दबाव बना रहा तो 24,600 तक भी फिसल सकता है। एक्सिस डायरेक्ट का कहना है कि फिलहाल बाजार में सावधानी बरतनी चाहिए। मजबूती का साफ संकेत तभी मिलेगा जब निफ्टी 25,500 के ऊपर मजबूती से बंद होगा।
बैंक निफ्टी ने हफ्ते की शुरुआत बिना ज्यादा हलचल के की और पूरे सप्ताह सीमित दायरे में ही घूमता रहा। शुक्रवार को यह 60,529 पर बंद हुआ और पूरे हफ्ते में 643 अंक गिरा। रिपोर्ट के मुताबिक 61,800 के स्तर पर बिकवाली का दबाव देखने को मिला, जिसकी वजह से तेजी रुक गई। हालांकि एक्सिस डायरेक्ट का कहना है कि कमजोरी के बावजूद बैंक निफ्टी ने निफ्टी से बेहतर प्रदर्शन किया, यानी बैंकिंग शेयरों में कुछ मजबूती बनी रही।
आगे की चाल की बात करें तो अगर बैंक निफ्टी 60,600 के ऊपर टिकता है, तो खरीदारी बढ़ सकती है और यह 61,000 से 61,800 की ओर जा सकता है। लेकिन अगर यह 60,200 के नीचे चला जाता है, तो गिरावट 60,000 से 59,500 तक बढ़ सकती है। रिपोर्ट के अनुसार इस हफ्ते 61,800 और 59,500 के बीच का दायरा सबसे अहम रहेगा।
Also Read: गिरावट के बाद सस्ते हुए IT stocks, क्या अब खरीदारी का समय? ब्रोकरेज ने बताए टॉप पिक
एक्सिस डायरेक्ट की रिपोर्ट के अनुसार ग्लेनमार्क फार्मा ने हाल में 2,100 रुपये के ऊपर मजबूत तेजी दिखाई है। रिपोर्ट इसे इस बात का संकेत मानती है कि शेयर में मध्यम अवधि की तेजी जारी रह सकती है। ब्रोकरेज ने इस शेयर में 2,110 से 2,068 रुपये के दायरे में खरीदारी की सलाह दी है। स्टॉप लॉस 2,020 रुपये रखा गया है। टारगेट 2,227 से 2,300 रुपये तक का दिया गया है। इस तरह से 7 से 10 फीसदी तक रिटर्न मिलने की उम्मीद है। निवेश की अवधि 3 से 4 हफ्ते बताई गई है।
रिपोर्ट के अनुसार ट्यूब इन्वेस्टमेंट्स ऑफ इंडिया ने लंबे समय से चल रहे डाउनट्रेंड से बाहर निकलने का संकेत दिया है और 2,730 के ऊपर मजबूती दिखी है। एक्सिस डायरेक्ट ने इसे मध्यम अवधि में ट्रेंड बदलने का संकेत माना है, खासकर क्योंकि तेजी के साथ वॉल्यूम में भी उछाल देखने को मिला।
इस शेयर के लिए खरीद दायरा 2,725 से 2,671 रुपये रखा गया है। स्टॉप लॉस 2,500 रुपये बताया गया है। टारगेट के तौर पर 3,093 से 3,300 रुपये का स्तर दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक इस कॉल में 15 से 22 प्रतिशत तक रिटर्न की उम्मीद है। निवेश की अवधि 3 से 4 हफ्ते बताई गई है।
एक्सिस डायरेक्ट के मुताबिक चेन्नई पेट्रोलियम एक “राइजिंग चैनल” में बना हुआ है और हाल में यह चैनल के निचले हिस्से से उछलकर ऊपर की ओर बढ़ता दिखा है। रिपोर्ट इसे अपट्रेंड के बने रहने का संकेत मानती है। चेन्नई पेट्रोलियम के लिए खरीद दायरा 945 से 926 रुपये रखा गया है। स्टॉप लॉस 877 रुपये और टारगेट 1,053 से 1,080 रुपये बताए गए हैं। इस कॉल में 13 से 15 प्रतिशत तक की तेजी की संभावना जताई गई है। निवेश की अवधि 3 से 4 हफ्ते बताई गई है।
डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।