अंतरराष्ट्रीय

यूक्रेन अनाज निर्यात समझौता बहाल कराने के मकसद से पुतिन और तुर्किये के राष्ट्रपति की बातचीत शुरू

पुतिन ने जुलाई में समझौते को आगे बढ़ाने से मना कर दिया था। एक साल पहले तुर्किये और संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में यह समझौता हुआ था

Published by
भाषा   
Last Updated- September 04, 2023 | 7:14 PM IST

तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को इस बात के लिए मनाने का प्रयास किया कि यूक्रेन को रूस के साथ युद्ध के बावजूद काला सागर के तीन बंदरगाहों से खाद्यान्न और अन्य सामग्री का निर्यात करने की अनुमति देने के समझौते को फिर से लागू किया जाए।

पुतिन ने जुलाई में समझौते को आगे बढ़ाने से मना कर दिया था। एक साल पहले तुर्किये और संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में यह समझौता हुआ था। इसे वैश्विक खाद्य आपूर्तियों, खासकर अफ्रीका, पश्चिम एशिया और एशिया के लिए महत्वपूर्ण माना गया था।

यूक्रेन और रूस गेहूं, जौ, सूरजमुखी तेय और अन्य उत्पादों के बड़े आपूर्तिकर्ता हैं।

एर्दोआन ने कहा कि रूस के काला सागर रिसॉर्ट शहर सोच्चि में दोनों नेताओं के बीच दिनभर चली बातचीत में खाद्यान्न समझौता प्रमुख रहा। उन्होंने बैठक में प्रारंभिक भाषण में कहा, ‘सभी अनाज कॉरिडोर मुद्दे पर नजर लगाये हैं।’

पुतिन ने स्वीकार किया था कि वे यूक्रेन संकट से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने एर्दोआन से कहा, ‘मुझे पता है कि आप अनाज समझौते के बारे में सवाल पूछने के इच्छुक हैं। हम इस विषय पर बातचीत को तैयार हैं।’

रूस ने समझौता रद्द करते हुए शिकायत की थी कि खाद्य और उर्वरक के रूसी निर्यात में बाधाओं को दूर करने का वादा करने वाले समानांतर समझौते का सम्मान नहीं किया गया है। उसने कहा कि पोत परिवहन और बीमा पर प्रतिबंध के कारण उसके कृषि व्यापार में बाधा आई है, हालांकि उसने पिछले साल से रिकॉर्ड मात्रा में गेहूं की आपूर्ति की है।

First Published : September 4, 2023 | 7:14 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)