चीनी रक्षा मंत्री जनरल ली शंगफू अगले सप्ताह रूस का दौरा करेंगे और अपने रूसी समकक्ष सर्गेई शोइगू तथा अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। चीन के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
ली की यह यात्रा रूस के साथ चीन के मजबूत होते संबंधों को रेखांकित करती है और चीन ने अमेरिका एवं अन्य पश्चिमी लोकतांत्रिक देशों के प्रभाव को कम करने के लिए विश्व व्यवस्था को नया आकार देने के प्रयास में अपनी विदेश नीति को काफी हद तक रूस से जोड़ लिया है।
चीन ने यूक्रेन पर रूसी हमले की आलोचना करने से इंकार कर दिया है और अमेरिका एवं ‘नाटो’ पर रूस को उकसाने का आरोप लगाया है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 2022 में बीजिंग की यात्रा की थी और उस दौरान पुतिन और चीनी नेता शी चिनफिंग ने एक संयुक्त बयान जारी कर दोनों देशों के प्रगाढ़ संबंधों की घोषणा की थी।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल तान केफेई ने कहा कि ली 16 से 19 अप्रैल के बीच रूस की यात्रा करेंगे और इस दौरान वह रूसी सैन्य अकादमी भी जाएंगे।