facebookmetapixel
BS Exclusive: खास घटना नहीं व्यापक बुनियाद पर बना है बजट- वित्त मंत्री निर्मला सीतारमणभारत-जीसीसी मुक्त व्यापार समझौते की दिशा में बड़ी प्रगति, FTA वार्ता के लिए शर्तों पर हुआ करारIOCL Q3 Results: बेहतर रिफाइनिंग मार्जिन और सरकारी मुआवजे से मुनाफा 6 गुना उछला, ₹13,502 करोड़ पर आयाजमीन से आमदनी बढ़ाने की कवायद में LIC, मुनाफा 17% बढ़कर ₹12,958 करोड़ रहासरकारी बैंकों का मुनाफा बढ़ा, मजबूत ट्रेजरी यील्ड ने नेट इंटरेस्ट इनकम की कमी पूरी कीIndia-US Trade Deal: कृषि के लिए नहीं खोला गया बाजार, बोले कृषि मंत्री चौहान किसानों के हित सुरक्षितEPFO इक्विटी निवेश में लाएगा डायवर्सिफिकेशन, नए सेक्टर और स्टाइल इंडेक्स में भी कदम रखने का विचारदेश भर में सरपट दौड़ेगी भारत टैक्सी, क्या ओला, उबर और रैपिडो को दे पाएगी कड़ी टक्करIndia-US Trade Deal: 4-5 दिन में करार की रूपरेखा जारी करने की तैयारी, संयुक्त बयान के बाद घटेगा शुल्करिलायंस ने वेनेजुएला से खरीदा 20 लाख बैरल तेल, 6.5 से 7 डॉलर सस्ते भाव पर हुई खरीदारी

शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का दिया लालच, महिला से ऐंठे 70 लाख रुपये

पुलिस के मुताबिक ठगों ने कई बार में पीड़ित महिला से खाते में रकम डलवाई। जब पीड़िता पर और रकम निवेश करने का दबाव बनाया जाने लगा तब उसे ठगी की जानकारी हुई।

Last Updated- June 26, 2024 | 6:28 AM IST
fraud
Representative Image

भारत और अमेरिका के शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर जालसाजों ने एक महिला के साथ 70 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक ठगों ने कई बार में पीड़ित महिला से खाते में रकम डलवाई। जब पीड़िता पर और रकम निवेश करने का दबाव बनाया जाने लगा तब उसे ठगी की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़िता ने इस मामले की शिकायत साइबर अपराध थाने में की।

साइबर अपराध के सहायक पुलिस आयुक्त विवेक रंजन राय ने बताया कि पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-27 में रहने वाली सुदेश ने बताया कि बीते अप्रैल में मीना, विजय शर्मा और करन मेहरा नामक तीन लोगों ने उनसे व्हाट्सऐप पर संपर्क किया। तीनों ने महिला को शेयर बाजार में निवेश के बारे में जानकारी दी।

इसके बाद ठगों ने महिला को एक ऐसे व्हाट्सऐप समूह में जुड़ने के लिए कहा, जहां भारतीय और अमेरिकी शेयर बाजार में निवेश के अवसरों की जानकारी मिल सके। फिर महिला से जालसाजों ने शेयर, कारोबार और निवेश संबंधी बात की। पुलिस अधिकारी के मुताबिक महिला ने बताया कि व्हाट्सऐप समूह से जुड़ने के बाद महिला को रोजाना शेयर और कारोबार संबंधी जानकारी मिलने लगी और निवेश के लिए प्रोत्साहित किया जाने लगा।

उन्होंने बताया कि महिला ने शुरुआती चरण में निवेश किया तो उसे ठगों द्वारा कुछ मुनाफा भी दिया गया। मुनाफे की रकम महिला के खाते में डलवा दी गई। इस दौरान निवेश के लिए कई कंपनियों की जानकारी भी महिला को दी गई।

ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में महिला ने 70 लाख रुपये का निवेश कर दिया। जालसाजों ने जो ऐप डाउनलोड कराया था उसपर शिकायतकर्ता की रकम मुनाफे सहित दिख रही थी।

पीड़िता ने जब रकम निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने उसे बतौर कमीशन 25 लाख रुपये और देने को कहा। पीड़िता ने ठगों से मुनाफे की रकम से ही कमीशन काटने को कहा।

ठगों ने ऐसा करने से मना कर दिया और लगातार पैसों का अंतरण करने का दबाव बनाते रहे। इसके बाद जालसाजों ने पीड़िता को व्हाट्सऐप समूह से बाहर कर दिया। बाद में महिला को पता चला कि समूह पर जो 100 लोग जुड़े थे वे साइबर ठगी करने वाले गिरोह के ही सदस्य थे, जो मुनाफे का स्क्रीनशॉट साझा कर रहे थे ताकि महिला को झांसे में लेकर निवेश करवाया जा सका। पुलिस अब उन खातों की जानकारी जुटा रही है जिन खातों में ठगी की रकम डलवाई गई थी।

First Published - June 26, 2024 | 6:28 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट