Weather Update: दिल्ली-NCR में आज भी धूप निकलने की संभावना है जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। बीते बुधवार को भी हल्की धूप निकलने की वजह से लोगों ने इसका भरपूर लुत्फ उठाया था। मौसम में हुए बदलाव की वजह से मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में 9 जनवरी को कोल्ड की चेतावनी हटा दी है।
कल की भांति भी आज दिल्ली-NCR में हल्की धूप रहेगी। हालांकि, धूप के साथ ठंडी हवाएं चलती रहेगी, जिससे लोगों को कनकनी का एहसास होगा। आज दिल्ली-NCR का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
वहीं बात नोएडा की करें तो वहां का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री रह सकता है। गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस, गाजियाबाद का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री रहने की संभावना है।
बता दें कि इससे पहले दिल्ली मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक 11 और 12 जनवरी को दिल्ली-NCR में बारिश होने की संभावना जताई गई थी। हालांकि, आज और कल मौसम साफ रहने की संभावना है।
अगर बात उत्तर प्रदेश की करें तो आज प्रदेश के अधिकतर जगहों पर मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। सुबह और शाम को कई जगहों पर घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे लोगों को परेशानी हो सकती है। इसके अलावा 10 से 12 जनवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी यूपी सहित अवध और बुंदेलखंड के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। राज्य में कई जगह पर अगले 2 से 3 दिन बादल देखने को मिलेंगे। आज प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 7 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में आज घने कोहरे के चेतावनी दी है। इसके अलावा श्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सिवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, भोजपुर, बक्सर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज पछुआ हवा चलने के वजह से प्रदेश के अधिकतर इलाकों में ठंड का प्रभाव तेज रहेगा।
जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की बर्फबारी हो रही है, जो आज भी जारी रहेगी। इसी बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में बर्फीली हवाएं चल रही हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने हिमाचल के बीते दिनों हिमाचल के पांच जिले ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया था, जो आज भी जारी रहेगा।
अगर बात उत्तराखंड की करें तो आज यहां का मौसम शुष्क रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आने वाले दिनों में यहां भी कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है।