facebookmetapixel
अमेरिकी टैरिफ का घटना उत्तर प्रदेश के कालीन उद्योग के लिए संजीवनी से कम नहीं, लेदर इंडस्ट्री को भी लगेंगे पंख5 महीने की मंदी खत्म! भारत-अमेरिका ट्रेड डील से हीरा उद्योग में लौटी चमकExplainer: भारत-अमेरिका ट्रेड डील फाइनल, लेकिन समझौते के पहले और आगे का सारा हिसाब-किताब समझ लेंRBI ने जारी किया निर्देश, 31 मार्च 2026 को खुले रहेंगे सरकारी कामकाज वाले बैंकBudget 2026 में स्टूडेंट्स को बड़ा फायदा मिला है? एक्सपर्ट्स ने बताया इसमें छात्रों के लिए कहां-कहां है मौकाJio-BlackRock का बड़ा धमाका! सिर्फ ₹350 में पूरे साल पाएं पर्सनलाइज्ड इन्वेस्टमेंट एडवाइसBudget 2026 में सरकार ने सीनियर सिटीजन्स के लिए कुछ किया भी या नहीं? जानें एक्सपर्ट इसपर क्या सोचते हैंट्रेड डील की डिटेल्स फाइनल स्टेज में; भारत-अमेरिका जल्द जारी करेंगे बयान: पीयूष गोयलIndia-Us trade deal: भारतीय मसालों का जायका होगा तेज, निर्यात को मिलेगा बढ़ावावित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील का स्वागत किया, कहा- ‘मेड इन इंडिया’ को मिली बड़ी राहत

खादी की बिक्री 400 प्रतिशत बढ़ी, पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में देशवासियों से खादी अपनाने का आह्वान किया

प्रधानमंत्री ने मन की बात में कहा खादी ग्रामोद्योग का कारोबार पहली बार डेढ़ लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया

Last Updated- July 28, 2024 | 10:40 PM IST
खादी की बिक्री 400 प्रतिशत बढ़ी, पीएम मोदी ने 'मन की बात' में देशवासियों से खादी अपनाने का आह्वान किया Khadi sales increased by 400 percent, PM Modi in 'Mann Ki Baat' called upon the countrymen to adopt Khadi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि खादी ग्रामोद्योग का कारोबार पहली बार डेढ़ लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है तथा खादी एवं हथकरघा की बढ़ती बिक्री बड़ी संख्या में रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही है। आकाशवाणी पर प्रसारित अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 112वीं कड़ी में मोदी ने कहा कि जो पहले कभी खादी के उत्पादों का उपयोग नहीं करते थे, वे भी आज बड़े गर्व से खादी पहनते हैं। उन्होंने देशवासियों से खादी के कपड़े खरीदने का आग्रह भी किया।

उन्होंने कहा, ‘मुझे यह बताते हुए आनंद महसूस हो रहा है कि खादी ग्रामोद्योग का कारोबार पहली बार डेढ़ लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। सोचिए, डेढ़ लाख करोड़ रुपये! और जानते हैं, खादी की बिक्री कितनी बढ़ी है? 400 प्रतिशत।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि खादी एवं हैंडलूम उत्पादों की बढ़ती ब्रिक्री देश में रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रही है और चूंकि, इससे महिलाएं सबसे ज्यादा जुड़ी हैं तो सबसे ज्यादा फायदा भी उन्हीं को हो रहा है।

अगस्त के महीने को आजादी का महीना करार देते हुए मोदी ने कहा कि लोगों के पास भांति-भांति के वस्त्र होंगे, लेकिन अभी तक उन्होंने यदि खादी के वस्त्र नहीं खरीदे हैं, तो वे इस साल से ही इनकी खरीदारी शुरू कर दें। उन्होंने कहा, ‘अगस्त का महीना आ गया है। यह आजादी मिलने का महीना है, क्रांति का महीना है। इससे बढ़िया अवसर और क्या होगा खादी खरीदने के लिए।’

‘मन की बात’ की इस कड़ी में प्रधानमंत्री ने मादक पदार्थों के सेवन से जुड़ी चिंताओं पर भी बात की। उन्होंने लोगों से भारत को नशा मुक्त बनाने की अपील की। मोदी ने कहा कि नशे की लत के शिकार लोगों की मदद के लिए सरकार ने ‘मानस’ नामक अभियान की शुरुआत की है, जो मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में बहुत बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही ‘मानस’ की हेल्पलाइन और पोर्टल को लॉन्च किया गया था और सरकार ने एक टोल फ्री नंबर 1933 भी जारी किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पर कॉल करके कोई भी जरूरी सलाह ले सकता है या फिर पुनर्वास से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकता है। उन्होंने लोगों से मादक पदार्थों से जुड़ी जानकारी इस नंबर पर साझा करने का आग्रह भी किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पेरिस ओलिंपिक की शुरुआत के साथ खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का मौका मिलता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे उन्हें प्रोत्साहित करें।

कार्यक्रम के दौरान, मोदी ने उन भारतीय छात्रों के साथ बातचीत की जिन्होंने हाल ही में आयोजित गणित ओलंपियाड में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा, ‘कुछ दिन पहले गणित की दुनिया में भी एक ओलिंपिक हुआ। अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में भारत के छात्रों ने बहुत शानदार प्रदर्शन किया है। इसमें हमारी टीम ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण और एक रजत पदक जीता है।’

प्रधानमंत्री ने असम के ‘मोइदाम्स’ को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किए जाने की सराहना की और कहा कि यह प्रत्येक भारतीय के लिए अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने अदम्य साहस और बहादुरी के प्रतीक महान अहोम योद्धा लाचित बोरफुकन की सबसे ऊंची प्रतिमा के अनावरण का भी स्मरण किया।

इस बात पर प्रकाश डालते हुए कि दुनिया में बाघों की 70 प्रतिशत आबादी भारत में है, उन्होंने कहा कि इससे लोगों को गर्व होगा। इस संदर्भ में मोदी ने ‘बाघ मित्रों’ की प्रशंसा की जिन्हें यह सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है कि जानवरों के निवास वाले क्षेत्रों में मानव-बाघ संघर्ष नहीं हो।

उन्होंने कहा, ‘बाघों की आबादी बढ़ने के साथ हमारे देश में वन क्षेत्र भी तेजी से बढ़ रहा है।’ मोदी ने कहा, ‘महाराष्ट्र का तडोबा अंधारी टाइगर रिजर्व बाघों के प्रमुख बसेरों में से एक है। यहां के स्थानीय समुदायों, विशेषकर गोंड और माना जनजाति के हमारे भाई-बहनों ने इको-टूरिज्म की ओर तेजी से कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने जंगल पर अपनी निर्भरता को कम किया है ताकि यहां बाघों की गतिविधियां बढ़ सके।’

स्वतंत्रता दिवस के करीब आने के साथ ही उन्होंने लोगों से वेबसाइट हरघरतिरंगा डॉट कॉम पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी अपलोड करने का आग्रह करते हुए कहा कि तिरंगे की शान में यह अभियान एक अनूठा पर्व बन चुका है। भाषा

First Published - July 28, 2024 | 10:40 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट