केरल में कांग्रेस समर्थित जयहिंद टीवी के प्रबंधन ने शनिवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने उसके बैंक खाते ‘फ्रीज’ कर दिए हैं। इससे एक दिन पहले आयकर विभाग ने बकाया कर के चलते पार्टी के मुख्य बैंक खातों को फ्रीज कर दिया था।
टीवी चैनल के सूत्रों के अनुसार तिरुवनंतपुरम में सहायक आयुक्त, केंद्रीय जीएसटी और केंद्रीय उत्पाद शुल्क के कार्यालय ने दो प्रमुख निजी बैंकों को नोटिस जारी किया, जिसमें उन्हें समाचार चैनल की मूल कंपनी भारत ब्रॉडकास्टिंग कंपनी से केंद्र सरकार को देय राशि की वसूली करने का निर्देश देते हुए, उसके खातों को फ्रीज कर दिया।
जयहिंद टीवी हाल ही में तब खबरों में आया था जब सीबीआई ने एक नोटिस जारी कर कांग्रेस नेता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार द्वारा चैनल में किए गए निवेश का विवरण मांगा था।
चैनल के प्रबंध निदेशक बी. एस. शिजू ने कहा कि आयकर अधिकारियों की कार्रवाई पूरी तरह से ‘अप्रत्याशित’ है और वह भी तब जबकि इससे संबंधित मामला उच्च न्यायालय में लंबित है। उन्होंने कहा, “ अचानक की गई यह कार्रवाई वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण है और इसने चैनल को संकट की स्थिति में डाल दिया है।”