मुंबई में भारी बारिश के कारण गुरुवार को हवाई अड्डे पर उड़ान कुछ समय के लिए प्रभावित हो गईं। भारी बारिश के कारण हवाईअड्डे पर कुछ साफ नजर नहीं आ रहा था। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने उड़ान बंद करने के करीब 20 मिनट बाद ही सुबह 10:55 बजे से उड़ान सेवाएं फिर से शुरू कीं।
बारिश रुकने के बाद हवाई अड्डे पर फिर से उड़ान शुरू हुईं। लाइव फ्लाइट ट्रैकर फ्लाइटराडार24 के अनुसार गुरुवार शाम 3 बजे तक कम से कम 298 उड़ानों (114 आने वाली, 184 जाने वाली) में देरी हुई। हालांकि बिज़नेस स्टैंडर्ड ने मुंबई हवाई अड्डे से इस बाबत जानकारी मांगी लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
विमानन कंपनियों ने यात्रियों को उड़ानें रद्द होने और उसके मार्ग में बदलाव की जानकारी दी और 25 जुलाई को कन्फर्म बुकिंग वाले यात्रियों को पूरी तरह से रिफंड देने की पेशकश की। एयर इंडिया ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘मुंबई में भारी बारिश से उड़ान सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और कुछ उड़ान रद्द की जा रही हैं और उनके मार्ग में बदलाव करना पड़ रहा है। एयर इंडिया 25 जुलाई 2024 को कन्फर्म बुकिंग के लिए पूरा रिफंड या एक बार यात्रा के समय को दोबारा तय करने का विकल्प दे रही है।’
इंडिगो ने यात्रियों को देरी के बारे में जानकारी दी और उन्हें अपनी फ्लाइट की स्थिति की जांच करने का सुझाव दिया।