भारत

Hathras Stampede: सत्संग में मौत का मंजर! भगदड़ में गई 116 लोगों की जान, कई घायल

Hathras Stampede: सत्संग कराने वाला बाबा जो खुद को नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा कहता है, वो घटना के बाद से गायब है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- July 03, 2024 | 7:34 AM IST

उत्तर प्रदेश के हाथरस में मंगलवार को एक धार्मिक आयोजन के दौरान मची भगदड़ में कम से कम 116 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी।

यह भगदड़ दोपहर करीब डेढ़ बजे मची थी। सत्संग कराने वाला बाबा जो खुद को नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा कहता है, वो घटना के बाद से गायब है।

देर रात यूपी पुलिस ने मैनपुरी जिले के राम कुटीर चैरिटेबल ट्रस्ट में ‘भोले बाबा’ की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया। आईजी शलभ माथुर ने बताया कि सत्संग आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज की जा रही है। इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस की घटना को लेकर बैठक की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो भी इस घटना का दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीटीआई के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को हाथरस का दौरा कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार इस पूरी घटना की जांच करा रही है। हम इसकी तह में जाएंगे और देखेंगे कि यह हादसा है या साजिश।’’

योगी ने घटना पर राजनीति करने वाले दलों को भी फटकार लगाते हुए कहा, ‘‘इस प्रकार की घटना पर पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के बजाए राजनीति करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और निंदनीय भी। यह समय पीड़ितों के घावों पर मरहम लगाने का है, पीड़ितों के प्रति संवेदना का है। सरकार इस मामले में पहले से संवेदनशील है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।’’

दिल दहलाने वाला मंजर

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दिल दहलाने वाले दृश्य सामने आए हैं, जिनमें देखा जा सकता है कि कैसे मृतकों के शव को बसों और टेम्पो में रखा गया। इसके अलावा, उनके साथ रोते हुए रिश्तेदार भी थे।

भाजपा विधायक असीम अरुण ने ANI से बातचीत के दौरान कहा, ‘अब तक मिली जानकारी के अनुसार 116 लोगों की मौत हो गई है और 22 लोगों का अलीगढ़ और हाथरस के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। 20 शव हैं जिनकी हम पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।

हाथरस भगदड़ मामले को लेकर जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर

हाथरस मामले प्रशासन ने लोगों की सहायता के लिए कुछ नंबर जारी किए हैं। इन पर मृत और घायल व्यक्तियों के सम्बंध मे किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए संपर्क किया जा सकता है।

हाथरस कंट्रोल-9454417377
आगरा जोन कंट्रोल-7839866849
अलीगढ़ कंट्रोल-7007459568
अलीगढ़ रेंज कंट्रोल-7839855724
आगरा रेंज कंट्रोल-7839855724
एटा कंट्रोल-9454417438

First Published : July 3, 2024 | 7:34 AM IST