प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
इस साल गिग कर्मियों को नौकरियां देने में ई-कॉमर्स और झटपट सामान पहुंचाने वाली कंपनियां (क्विक कॉमर्स) अन्य क्षेत्रों की तुलना में आगे रह सकती हैं। उद्योग जगत के विशेषज्ञों का कहना है कि ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स इकाइयां कैलेंडर वर्ष 2026 में मजबूत मांग, अधिक ऑर्डर और गैर-महानगरीय शहरों में डार्क स्टोर (बड़े गोदाम) के लगातार विस्तार के कारण लगभग 10 लाख नए कर्मियों को काम पर रख सकती हैं।
टीमलीज सर्विसेज के आंकड़ों के अनुसार ई-कॉम और क्विक कॉमर्स के बाद इस साल लॉजिस्टिक और वेयरहाउसिंग क्षेत्र सबसे अधिक रोजगार दे सकते हैं।
टीमलीज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, बालसुब्रमण्यम ए ने कहा,‘क्विक कॉमर्स और ई-कॉमर्स के टियर-2 और टियर-3 शहरों में विस्तार करने के साथ ही 9-10 लाख नौकरियां सृजित होने का अनुमान है। नए मल्टी-मॉडल पार्कों और इलेक्ट्रिक वाहनों के बेड़े से संचालित लॉजिस्टिक और वेयरहाउसिंग लगभग 5 लाख नए रोजगार दे सकते हैं।’
इसी तरह का रुझान कैलेंडर वर्ष 2025 में देखा गया था जब ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स कंपनियों ने 6 लाख नौकरियां सृजित कीं। इनके बाद लॉजिस्टिक कंपनियों ने 4 लाख नौकरियां तैयार कीं। बैंकिंग, वित्तीय सेवा एवं बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्रों ने बाहर बिक्री (फील्ड सेल) करने और डिजिटल सत्यापन के लिए लगभग 2 लाख लाख नए गिग कर्मियों को नियुक्त किया। कुल मिलाकर, टीमलीज सर्विसेस के अनुसार पिछले कैलेंडर वर्ष में 13-14 लाख नौकरियां तैयार हुईं।
इसी तरह, नौकरी और करियर प्लेटफॉर्म ‘अपना’ के आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2026-27 में नई भर्तियों में मुख्य रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों में क्विक कॉम के विस्तार की अहम भूमिका हो सकती है। अपना में जॉब्स मार्केटप्लेस के मुख्य कार्याधिकारी कार्तिक नारायण ने कहा, ‘शीर्ष तीन क्षेत्र क्विक कॉमर्स, खुदरा और लॉजिस्टिक इस स्पेस में हावी रहेंगे। क्विक कॉम लगभग 10 लाख नौकरियां जोड़ेगा और लॉजिस्टिक लगभग 5 से 7 लाख नौकरियां तैयार कर सकते हैं।’
सामान उठाने वाले (पिकर), पैक करने वाले (पैकर), गाडि़यों में लादने वाले और इ्न्हें पहुंचाने वाले कर्मियों सहित विभिन्न भूमिकाओं में मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसी नौकरियों में वृद्धि सीधे तौर पर क्विक कॉमर्स कारोबार के विस्तार से सीधे तौर पर जुड़ी है।
उदाहरण के लिए दिसंबर तिमाही में औसतन ब्लिंकइट ने प्रत्येक दिन 2.3 डार्क स्टोर जोड़े और मार्च 2027 तक 3,000 ऐसे स्टोर खोलने का लक्ष्य रखा है। इस बीच, स्विगी इंस्टामार्ट के स्टोर की संख्या 1,021 तक पहुंच गई है और जेप्टो ने 1,000 से अधिक डार्क स्टोर जोड़े हैं।