प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
टाटा मोटर्स सीवी व एचडीएफसी एएमसी निफ्टी नेक्स्ट 50 में हो सकते हैं शामिल
निफ्टी इंडेक्स की आगामी रीबैलेंसिंग प्रक्रिया से निफ्टी नेक्स्ट 50 में बड़े बदलाव की उम्मीद है। सूचकांक में फेरबदल से टाटा मोटर्स (कमर्शियल व्हीकल) और एचडीएफसी ऐसेट मैनेजमेंट कंपनी को बड़ा फायदा होगा। दूसरी ओर, इन्फो एज और आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस बाहर होने वाली पांच कंपनियों में शामिल हो सकती हैं।
नुवामा अल्टरनेटिव ऐंड क्वांटीटेटिव रिसर्च के एक विश्लेषण के अनुसार टाटा मोटर्स को शामिल किए जाने की संभावना से इसमें लगभग 1,296 करोड़ रुपये का निवेश आ सकता है।
एचडीएफसी ऐसेट मैनेजमेंट कंपनी और मुथूट फाइनैंस को भी फायदे की उम्मीद है, जिनमें क्रमशः लगभग 734 करोड़ रुपये और 625 करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश आएगा। हाल में सूचीबद्ध हुई टाटा कैपिटल और आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल ऐसेट मैनेजमेंट के भी सूचकांक में शामिल होने की उम्मीद है, जिससे इन शेयरों में प्रत्येक में लगभग 172 करोड़ रुपये का निवेश आ सकता है।
सूचकांक से निकलने की स्थिति में इन्फो एज (इंडिया) में सबसे ज्यादा बिकवाली की आशंका है, जो लगभग 716 करोड़ रुपये हो सकती है। इसके बाद आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस में 643 करोड़ रुपये की निकासी संभव है। हैवेल्स इंडिया और जेएसडब्ल्यू एनर्जी में क्रमशः लगभग 471 करोड़ और 344 करोड़ रुपये की निकासी हो सकता है, जबकि बजाज हाउसिंग फाइनैंस को लगभग 127 करोड़ रुपये के बिकवाली दबाव का सामना करना पड़ सकता है।
नुवामा को निफ्टी 50 में किसी भी बदलाव की उम्मीद नहीं है। लेकिन निफ्टी मिडकैप 100 में एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया, लेंसकार्ट, ग्रो, मीशो और एमसीएक्स सहित नौ नए नाम शामिल हो सकते हैं। आधिकारिक घोषणा फरवरी के दूसरे पखवाड़े में होने की उम्मीद है और इंडेक्स में बदलाव 30 मार्च से लागू होंगे।