भारत

Eid-Ul-Fitr 2023: दिल्ली में ईद पर मस्जिदों एवं ईदगाहों में विशेष नमाज अदा की गई, लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी

Published by
भाषा
Last Updated- April 22, 2023 | 12:42 PM IST

दिल्ली में ईद-उल-फित्र का जश्न शनिवार सुबह मस्जिदों और ईदगाहों में विशेष नमाज अदा करने के बाद शुरू हुआ। ऐतिहासिक जामा मस्जिद में सुबह करीब साढ़े छह बजे भारी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की।

ईद की विशेष नमाज के लिए फतेहपुरी मस्जिद, ईदगाह और सुनहरी मस्जिद में काफी भीड़ उमड़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।

शहर के मुख्य बाजारों, खासकर जामा मस्जिद और चांदनी चौक के आसपास के बाजारों में लोग त्योहार के लिए खरीददारी करते दिखे। दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस अवसर पर लोगों को बधाई दी।

सक्सेना ने ट्वीट किया, “ईद-उल-फ़ित्र के मुक़द्दस मौके पर सभी को मुबारकबाद। मेरी कामना है कि ख़ुशी, अमन, नेमत और सौहार्द का यह त्योहार सभी के जीवन में प्रगति, समृद्धि और खुशहाली लाये।”

केजरीवाल ने पूरे देश में शांति, भाईचारा और खुशहाली और भारत के दुनिया में नंबर एक देश बनने की कामना की। लोग ईद पर अपने पड़ोसियों, दोस्तों और रिश्तेदारों से मिलने जाते हैं और “सेवई” जैसे व्यंजन का लुत्फ उठाते हैं। ईद का चांद दिखने के आधार पर यह त्योहार दुनिया भर में अलग अलग दिन मनाया जाता है। यह त्योहार रज़मान के पवित्र महीने के संपन्न होने का प्रतीक होता है।

First Published : April 22, 2023 | 12:42 PM IST