भारत

Delhi Weather Update: मतदान के दिन कैसा है दिल्ली का मौसम? चेक करें लेटेस्ट वेदर रिपोर्ट

Delhi Weather: मौसम विभाग ने दिन में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने और 25-35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 25, 2024 | 1:22 PM IST

देश की राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच शनिवार (25 मई) को लोकसभा चुनाव के छठे चरण के मतदान हो रहे हैं। अपना वोट डालने के लिए लोगों को चिलचिलाती धूप में घर से मतदान केंद्र जा रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने आज राष्ट्रीय राजधानी में ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।

कैसा रहेगा आज दिल्ली का मौसम?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘राष्ट्रीय राजधानी में लू चलने का पूर्वानुमान नहीं है। नजफगढ़ और पूसा जैसे दूर दराज के इलाकों में लू जैसी स्थिति बन सकती है।” आईएमडी के अधिकारी ने हालांकि आगाह किया कि शनिवार के बाद तापमान बढ़ सकता है।

आज सुबह 8.30 बजे आर्द्रता 54 फीसदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिन में मुख्य रूप से आसमान साDफ रहने और 25-35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

दिल्ली चुनाव निकाय ने कहा है कि उसने भीषण गर्मी को देखते हुए मतदाताओं के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है। लोगों को सुबह सात बजे मतदान शुरू होने से पहले ही सात निर्वाचन क्षेत्रों में 13,000 से अधिक मतदान केंद्रों के बाहर कतारों में खड़े देखा गया।

दिल्ली में 11 बजे तक मतदान की रिपोर्ट

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दिल्ली की सात संसदीय सीट पर 25 मई (शनिवार) को पूर्वाह्न 11 बजे तक 21.69 प्रतिशत मतदान हुआ। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने बताया कि 11 बजे तक सबसे अधिक 24.49 प्रतिशत मतदान उत्तर पूर्वी दिल्ली क्षेत्र में हुआ, जबकि चांदनी चौक में सबसे कम 18.55 प्रतिशत मतदान हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि 82 लाख पुरुषों, 69 लाख महिलाओं और 1,228 ट्रांसजेंडर समेत कुल 1.52 करोड़ मतदाता सात निर्वाचन क्षेत्रों में 13,000 से अधिक मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए पात्र हैं। इस बार शहर में 2.52 लाख से अधिक मतदाता ऐसे हैं जो पहली बार मतदान करेंगे

First Published : May 25, 2024 | 1:08 PM IST