भारत

छत्तीसगढ़ में बड़ा नक्सली हमला, 10 जवान शहीद, वाहन चालक की भी मृत्यु

Published by
बीएस वेब टीम
Last Updated- April 26, 2023 | 4:23 PM IST

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में बारूदी सुरंग में हुए विस्फोट में सुरक्षाबल के 10 जवान शहीद हो गए हैं और एक वाहन चालक की भी मृत्यु हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया है। इस घटना में जिला रिजर्व गार्ड के 10 जवान शहीद हो गए हैं तथा एक वाहन चालक की मृत्यु हुई है।

उन्होंने बताया कि अरनपुर थाना क्षेत्र में माओवादी कैडर की उपस्थिति की सूचना पर दंतेवाड़ा से डीआरजी बल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान के बाद वापसी के दौरान माओवादियों ने अरनपुर मार्ग पर बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। इस घटना में अभियान में शामिल डीआरजी के 10 जवान शहीद हो गए तथा एक वाहन चालक की मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल के लिए अतिरिक्त बल रवाना किया गया है।

जवानों पर किए गए इस हमले को गृहमंत्री अमित शाह ने कायरतापूर्ण बताया है। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, ‘दंतेवाड़ा में छत्तीसगढ़ पुलिस पर हुए कायरतापूर्ण हमले से क्षुब्ध हूं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से बात की है और राज्य सरकार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। शहीद जवानों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’  (इनपुट-भाषा)

First Published : April 26, 2023 | 4:23 PM IST